ललितपुर स्टेशन पर मजिस्ट्रेट चेकिंग में 60 यात्री पकड़े बिना टिकट,52 हजार का वसूला जुर्माना
झांसी : झांसी रेल मंडल द्वारा आज ललितपुर रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ एक बड़ा मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व मजिस्ट्रेट अरुण क्रांति और सहायक वाणिज्य प्रबंधक (ACM) अनिल श्रीवास्तव ने किया। साथ ही सीटीआई मनोहर लाल मीणा भी पूरी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे। चेकिंग के दौरान बिना टिकट और गलत तरीके से यात्रा कर रहे कुल 60 यात्रियों को पकड़ा गया। इन पर कुल 52,390 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 35,850 रुपये कोर्ट फाइन और 16,540 रुपये रेल किराया के रूप में मौके पर ही वसूल किए गए। कुल 56 मामलों में यात्रियों ने तत्काल जुर्माना भरकर अपनी रसीद कटवाई। इस सघन चेकिंग अभियान को सफल बनाने के लिए आरपीएफ के 08 और जीआरपी के 05 जवान सुरक्षा में तैनात रहे। साथ ही लगभग 28 चेकिंग स्टाफ के सदस्यों ने स्टेशन पर मोर्चा संभाले रखा। झांसी रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही सफर करें, अन्यथा इस तरह की कड़ी कानूनी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टर : अंकित साहू

No Previous Comments found.