झाँसी में गूंजेगा मल्लखंभ-नई पीढ़ी को परंपरा से जोड़ने का संकल्प: निखरेंगी नई प्रतिभाएं
झांसी - झाँसी की सांस्कृतिक एवं खेल परंपरा में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए, जिला मल्लखंभ एसोसिएशन झाँसी के तत्वावधान में आगामी 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली अंतर विद्यालयीन मल्लखंभ प्रतियोगिता के संदर्भ में एक गरिमामयी पत्रकार वार्ता का आयोजन संपन्न हुआ। श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के पावन प्रांगण स्थित जिम्नेशियम हॉल में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्गों के लिए प्रत्येक केटेगरी में अंडर-12,अंडर-14,अंडर-18 तथा -18 से ऊपर श्रेणियों में प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उपरोक्त प्रतिस्पर्धायें दिनांक 25 अप्रैल शनिवार को प्रातः 8:00 बजे से 10:30 बजे तक और दिनांक 26 अप्रैल रविवार को सांय 5:00 बजे से 7:30 बजे तक के मध्य इस आयोजन में खेल प्रतिस्पर्धायें होंगी।
निश्चित रूप से ये खेल परंपरा, अनुशासन और शारीरिक साधना का एक जीवंत उत्सव सिद्ध होंगी। इसी महत्त्वपूर्ण आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्य को जनमानस तक पहुँचाने हेतु आयोजित इस अवसर पर मल्लखंभ एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के सचिव राम सिंह सिकौरिया की गरिमामयी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और ऊँचाई प्रदान की।वार्ता की अध्यक्षता जिला मल्लखंभ एसोसिएशन झाँसी के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने की,प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम की रूप रेखा सचिव गजानन खानवलकर ने प्रस्तुत की। झाँसी जनपद के प्रतिष्ठित मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने इस संवाद को सार्थकता प्रदान की। पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि—
“मल्लखंभ केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह हमारी परंपरा, शक्ति और संतुलन का जीवंत प्रतीक है। इस आयोजन के माध्यम से हम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता का विकास करना चाहते हैं।”
सचिव गजानन खानवलकर ने बताया कि यह प्रतियोगिता उभरती प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध होगी, जहाँ वे अपनी कला को निखारते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मार्ग प्रशस्त कर सकेंगी। यू पी मल्लखंभ एसोसिएशन के सचिव राम सिंह सिकोरिया ने कहा यह पत्रकार वार्ता न केवल एक आयोजन की सूचना थी, बल्कि उस संकल्प का उद्घोष भी थी, जिसमें खेल के माध्यम से संस्कार, समर्पण और स्वाभिमान का निर्माण निहित है। प्रतियोगिता के संयोजक केशव कुमार एवं मनीष कोष्टा ने बताया कि अभी तक जनपद के अनेक विद्यालयों से 127 प्रविष्टियाँ व उनके पंजीकरण हो चुके हैं उपरोक्त बैठक में प्रमोद सिकौरिया, मनीष कोष्टा, केशव कुमार, प्रभात कुमार सक्सेना, बैदेही शरण सरावगी और अरविन्द कुमार ओझा आदि गणमान्यजन उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.