दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति और संस्थाएं एक जुलाई तक करें आवेदन
झांसी - जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शिव सिंह ने अवगत कराया है कि 03 दिसम्बर को "विश्व दिव्यांग दिवस" के अवसर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों/ संस्थाओं को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार दिये जाते है। जिसके निमित्त विभाग द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 प्रख्यापित की गयी है। नियमावली में राज्य स्तरीय पुरस्कारों हेतु 12 विभिन्न प्रकार की श्रेणियों के अन्तर्गत 30 पुरस्कार की व्यवस्था की गयी है। नियमावली में दी गयी व्यवस्था अनुसार "राज्य स्तरीय पुरस्कार" हेतु जनपद स्तर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों/ संस्थाओं से आवेदन-पत्र आमंत्रित किये जाने है।
राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अन्तर्गत पुरस्कार हेतु निम्नानुसार श्रेणियां निर्धारित हैं:-
1.दक्ष दिव्यांग कर्मचारी / स्वनियोजित दिव्यांगजन के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
2.दिव्यांग हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता तथा सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी के लिए सेवायोजकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार।
3.दिव्यांगजन के निमित्त कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति तथा सर्वश्रेष्ठ संस्था के लिये राज्य स्तरीय पुरस्कार।
4.प्रेरणास्रोत हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार।
5.दिव्यांगजन के जीवन सुधारने के निमित्त सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास के लिये राज्य स्तरीय पुरस्कार।
6.दिव्यांजन हेतु "बाधामुक्त वातावरण के सृजन हेतु सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
7.दिव्यांजन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जिला के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
8.सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग व्यस्क व्यक्तियों एवं सर्वश्रेष्ठ बालक/बालिका हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार।
9.सर्वश्रेष्ठ ब्रेलप्रेस के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
10.दिव्यांजन के लिए सर्वोत्तम अनुकूल वेबसाइट हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार।
11.सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
12.दिव्यांगजन के सशक्तीकरण हेतु कार्यरत अधिकारी / कर्मचारी के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अन्तर्गत पुरस्कार हेतु आवेदन करने की पूर्ण प्रक्रिया का विवरण एवं आवेदन-पत्र दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की बेबसाइट uphwd.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति / संस्था दिव्यांगजन विभाग की बेबसाइट से आवेदन-पत्र डाउनलोड कर आवेदन पत्र के साथ अपना पूर्ण जीवन का विवरण, दिव्यांगता दर्शाती फोटो, शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र, प्रशस्ति पत्र, दिव्यांगता के क्षेत्र में अथवा दिव्यांगजनों के हितार्थ किये गये कार्यों का विवरण फोटोग्राफ्स सहित संलग्न कर दो प्रतियों में आवेदन-पत्र अंतिम तिथि 01 जुलाई 2026 तक कार्यालय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, झाँसी में जमा कर सकते है तथा अधिक जानकारी हेतु विभाग में भी सम्पर्क कर सकते है।
रिपोर्ट अंकित साहू


No Previous Comments found.