सजगता और ईमानदारी की मिसाल रेलवे कर्मी ने महिला यात्री का खोया पर्स सकुशल लौटाया
झांसी : उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के अंतर्गत कार्यरत रेलकर्मियों की सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। दिनांक 25/26.04.2026 को गाड़ी संख्या 12919 में कोच B2 की सीट संख्या 31 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री का पर्स छूट गया, जिसमें उनका मोबाइल फोन, नकदी राशि, चश्मा एवं अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। उक्त यात्री आगरा कैंट स्टेशन पर उतर गई थीं। गाड़ी में तैनात कंडक्टर जी.एल. जाट (CTI/VGLJ) द्वारा पर्स को सुरक्षित रखा गया और उपलब्ध माध्यम से यात्री से समन्वय स्थापित कर अगले दिन गाड़ी सं 12616 से लौटते समय उन्होंने आगरा कैंट स्टेशन पर यात्री के परिजनों को पर्स सहित समस्त सामान सकुशल सुपुर्द कर दिया। सामान की पूर्ण एवं सुरक्षित वापसी पर महिला यात्री एवं उनके परिजनों ने रेलवे प्रशासन तथा संबंधित कर्मचारी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। यह घटना न केवल रेलकर्मियों की ईमानदारी और जिम्मेदारी को दर्शाती है, बल्कि यात्रियों के बीच रेलवे के प्रति विश्वास को भी सुदृढ़ करती है।

No Previous Comments found.