9 मई की लोक अदालत के लिए झांसी में न्यायिक बैठक आयोजित

झांसी- आज उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी श्रीमती कमलेश कछल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 09 मई 2026 के सफल आयोजन के संबंध में एक विस्तृत एवं महत्वपूर्ण न्यायिक अधिकारीगण की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित, सुलभ एवं किफायती निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर जनपद के समस्त न्यायालयों के न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा बैठक में उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने न्यायालयों से संबंधित अधिकाधिक लंबित वादों को चिन्हित कर उन्हें लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण हेतु राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करें। विशेष रूप से बैंक ऋण वसूली, विद्युत देय, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, आपराधिक समझौता योग्य वाद एवं अन्य सिविल प्रकृति के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए वादों के पक्षकारों से संपर्क करें तथा उन्हें लोक अदालत के लाभों—जैसे शीघ्र न्याय, न्यूनतम व्यय, आपसी सौहार्द एवं न्यायालय शुल्क की वापसी—के विषय में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक संख्या में वादों का निस्तारण संभव हो सके।
इसके अतिरिक्त, व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न माध्यमों जैसे प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, बैनर, पोस्टर एवं जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से आमजन को लोक अदालत के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
माननीय जनपद न्यायाधीश महोदया जी द्वारा सभी अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें तथा निर्धारित तिथि से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। 
बैठक के अंत में नोडल अधिकारी  शरद कुमार चौधरी अपर जिला जज ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रभारी सचिव ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी  सुमित पाराशर एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.