CM-GRID योजना: ITI से शिवपुरी हाईवे तक बनेगी मॉडल रोड, सौर लाइट-ग्रीन जोन से लैस होगी सड़क
झाँसी : आज नगर विधायक रवि शर्मा ने नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, मुख्य अभियंता एवं नगर निगम के अन्य अधिकारियों के साथ महानगर के वार्ड नं. 31 स्थित आईटीआई क्षेत्र में रेलवे अंडर ब्रिज से हरिकिशन डिग्री कॉलेज होते हुए शिवपुरी हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह कार्य मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (CM-GRID) के अंतर्गत कराया जा रहा है। इस अवसर पर नगर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि CM-GRID योजना के तहत उक्त सड़क का चौड़ीकरण कर शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सड़क पर भूमिगत यूटिलिटी डक्ट, आधुनिक फुटपाथ, हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन), सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइट तथा विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड डालकर साइड पटरी को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क के नीचे यूटिलिटी डक्ट बनाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में बिजली एवं पानी की पाइपलाइन डालने या मरम्मत के लिए सड़क को बार-बार खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय सभासद रितिका गौरव तिवारी, प्रवीण लखेरा, अरविन्द झा, रजनीश देव शर्मा, चन्द्रप्रकाश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.