उल्दन रोड स्थित बंगराधवा प्राथमिक विद्यालय के बाहर वर्षों से गंदगी का अंबार, छात्र-छात्राएं परेशान

झांसी - उल्दन रोड स्थित गायत्री मंदिर के समीप बंगराधवा प्राथमिक विद्यालय के बाहर फैली भारी गंदगी अब गंभीर समस्या बन गई है। विद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर लंबे समय से जमा कचरे के ढेर ने पूरे क्षेत्र को बदहाली की तस्वीर में बदल दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सफाईकर्मियों की नियमित तैनाती न होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। विद्यालय के बाहर लगे कचरे के ढेर से उठती दुर्गंध के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में सड़ते कचरे से संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे बच्चे रोजाना इसी गंदगी के बीच से होकर गुजरने को मजबूर हैं। अभिभावकों का कहना है कि यह स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे जल्द से जल्द साफ-सफाई कराने की मांग कर रहे हैं। इस मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी बंगरा दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय के बाहर महीनों से सफाईकर्मी नहीं आए हैं। विद्यालय परिवार अपने स्तर से सफाई कराने का प्रयास करता है, लेकिन बाहर की स्थिति अत्यंत खराब है और इस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है, या फिर बच्चों को इसी गंदगी के बीच पढ़ाई करने को मजबूर रहना पड़ेगा।

संवाददाता - धीरेन्द्र सोनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.