महंगाई और बिजली कटौती के खिलाफ झांसी में कांग्रेस का हल्लाबोल, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
झांसी : भाजपा सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ सोमवार झांसी में शहर कांग्रेस कमेटी ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल और छोटे एलपीजी सिलेंडरों के बढ़े दामों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। दोपहर 12 बजे मीडिया से बात करते हुए शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार आम जनता पर महंगाई का जो चाबुक चला रही है, उसे तुरंत वापस लिया जाए, ताकि त्रस्त जनता को राहत मिल सके। इसी के साथ कांग्रेस ने झांसी शहर और पूरे जिले में हो रही अभूतपूर्व बिजली कटौती का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया। बिजली संकट से बेहाल जनता की आवाज बुलंद करते हुए कांग्रेस नेताओं ने दूसरे ज्ञापन के जरिए मांग की कि जिले की विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। मनोज गुप्ता ने साफ चेतावनी दी कि यदि बिजली और महंगाई की समस्या का तत्काल समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।।

No Previous Comments found.