व्यापारी हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर वैश्य महासभा ने जताया आक्रोश

झांसी :  चिरगांव थाना क्षेत्र में हुई व्यापारी रमाशंकर गुप्ता की हत्या के आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई न होने तथा गिरफ्तारी न होने के विरोध में आज अखिल भारतीय वैश्य महासभा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम गोपाल छिरौल्या उर्फ डल्लू भैया तथा राष्ट्रीय महामंत्री दीपक सांवला के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में अवगत कराया गया कि व्यापारी रमाशंकर गुप्ता की हत्या के संबंध में महासभा के बुंदेलखंड क्षेत्रीय सभा के अध्यक्ष उमेश छिरौल्या ने 4 मई को ज्ञापन देकर हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 5 मई को वह स्वयं चिरगांव थाने के प्रभारी से मिले थे। उन्होंने एक सप्ताह का हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए समय दिया था। ज्ञापन में कहा गया कि व्यापारी हत्याकांड के मामले में नामजद अपराधियों की अब तक गिरफ्तारी न होना यह बताता है कि पुलिस इस मामले में गंभीरता के साथ रुचि नहीं ले रही है। ज्ञापन में हत्या आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने तथा इस मामले में शिथिलता बरतने पर थाना प्रभारी चिरगांव तथा क्षेत्राधिकारी मोंठ का स्थानांतरण किए जाने की मांग की गई है। इसके अलावा पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिए जाने का भी अनुरोध किया गया है। ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से अध्यक्ष उमेश गुप्ता, राजू गुप्ता रक्सा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.