बुंदेलखंड लिंक एक्सप्रेस-वे

झांसी :  बबीना विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने बुंदेलखंड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना से प्रभावित किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक महत्वपूर्ण पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने मोंठ एवं टहरौली तहसील के अंतर्गत आने वाले प्रभावित गांवों की भूमि का सर्किल रेट यथाशीघ्र बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।विधायक राजीव सिंह पारीछा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में प्रदेश सरकार द्वारा बुंदेलखंड में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 'बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर' और 'बीडा' (BIDA) की स्थापना से औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को एक नई दिशा मिली है, जिससे क्षेत्रवासियों का सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। कम मुआवजे से किसान चिंतित, भरण-पोषण का संकट - विधायक ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान किसानों की व्यावहारिक समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि डिफेंस कॉरिडोर और बीडा की स्थापना के कारण आसपास की कृषि भूमि के दाम बाजार में काफी महंगे हो चुके हैं। इसके विपरीत, बुंदेलखंड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही किसानों की भूमि का वर्तमान सर्किल रेट और मिलने वाला मुआवजा बेहद कम है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इतने कम मुआवजे में प्रभावित किसान अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए दूसरी जगह पर्याप्त कृषि भूमि भी नहीं खरीद पा रहे हैं।  अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध - बबीना विधायक ने जनहित और किसान हित को सर्वोपरि बताते हुए मुख्यमंत्री से विशेष अनुरोध किया है कि प्रभावित ग्रामों की भूमि का सर्किल रेट तत्काल प्रभाव से बढ़ाने के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक एवं कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसानों को उनकी जमीन का उचित और न्यायसंगत दाम मिल सके।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.