1 से 14 जून तक चलेगा कार्यक्रम, विधि छात्रों को न्यायिक एवं विधिक प्रक्रियाओं का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

झांसी : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी द्वारा ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन, दिनांक 29 मई 2026 तक आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी कार्यालय में जमा करें। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी द्वारा विधि के छात्रों के लिए ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्रों को न्यायिक व्यवस्था, विधिक सहायता प्रणाली, लोक अदालतों, मध्यस्थता, विधिक साक्षरता एवं जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम में देश के विभिन्न मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों, विधि महाविद्यालयों एवं लॉ फैकल्टी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया है। इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागी छात्रों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न गतिविधियों, न्यायालयीन प्रक्रियाओं, विधिक सहायता कार्यक्रमों, मध्यस्थता केंद्रों, लोक अदालतों एवं विधिक जागरूकता अभियानों के संबंध में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव में भी वृद्धि होगी।

इंटर्नशिप कार्यक्रम हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।    
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक अभिलेखों सहित दिनांक 29 मई 2026 कार्यालया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी में जमा करें। यह इंटर्नशिप 1 जून 2026 से 14 जून 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ  के  आदेशानुसार प्रसारित की जा रही है,  जिसके आवेदन फॉर्म को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, झाँसी में जमा कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को इंटर्नशिप कार्यक्रम की अवधि, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं अन्य आवश्यक निर्देशों की जानकारी पृथक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी ने सभी पात्र एवं इच्छुक विधि छात्रों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाते हुए समय से आवेदन प्रस्तुत करें तथा न्यायिक एवं विधिक सेवा तंत्र के व्यावहारिक स्वरूप को निकट से समझने का अवसर प्राप्त करें।
ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता संबंधी जानकारी एवं अन्य आवश्यक सूचनाएँ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी के आधिकारिक फेसबुक एवं इंस्टाग्राम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। इच्छुक छात्र उक्त माध्यमों का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा समयबद्ध रूप से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

 


रिपोर्टर : अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.