मेडिकल कॉलेज झांसी के प्रिंसिपल को हटाया जाए

झांसी : आज बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम जिलाधिकारी झांसी के माध्यम से ज्ञापन भेजकर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी के प्रिंसिपल डॉ. शिवकुमार को जनहित में तत्काल हटाए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि डॉ. शिवकुमार के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं लगातार खराब हुई हैं, जिससे गरीब मजदूरों, किसानों एवं दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की उपचार व्यवस्था कमजोर हो चुकी है तथा मरीजों एवं उनके परिजनों में भारी असंतोष व्याप्त है।

कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के सामने एवं आसपास बड़ी संख्या में निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जिससे यह संदेह उत्पन्न होता है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर स्थिति का लाभ निजी संस्थानों को मिल रहा है। गरीब एवं असहाय मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने को विवश हैं।

ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज में श्रमिकों एवं कर्मचारियों के शोषण का भी आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि श्रम न्यायालय के आदेशों की अवहेलना की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है तथा न्यायिक व्यवस्था की गरिमा प्रभावित हो रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने तथा प्रिंसिपल डॉ. शिवकुमार को तत्काल पद से हटाकर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.