बकरीद पर्व पर एसएसपी द्वारा ईदगाह सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण लिया कानून व्यवस्था का जायजा
झांसी : आज बकरीद (ईद-उल-जुहा) पर्व के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति द्वारा जनपद झांसी की बड़ी ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा भ्रमण के दौरान उपस्थित नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं नमाज अदा करने आए लोगों को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं दी गईं तथा आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही पर्व के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने हेतु भी अनुरोध किया गया। भ्रमण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता एवं सजगता के साथ ड्यूटी संपादित करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा सावधानीपूर्वक ड्यूटी करने हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए।इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, मुख्य विकास अधिकारी झांसी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। जनपद के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर निरंतर पैदल गश्त एवं निगरानी की जा रही है, जिससे जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतः बनाए रखी जा सके। झांसी पुलिस जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : अंकित साहू


No Previous Comments found.