विवेकानंद पब्लिक स्कूल में हुआ ग्रीष्मकालीन शिविर का भव्य समापन
झांसी : गुसांईपुरा स्थित विवेकानंद पब्लिक स्कूल में विगत 20 वर्षों से संचालित हो रहे ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन समारोह बड़े ही उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में छात्र-छात्राओं को विभिन्न रचनात्मक एवं कौशल आधारित विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिनमें टाई एंड डाई, मैकरम, लिपन आर्ट, मेहंदी, चित्रकला, स्ट्रिंग आर्ट, ताइक्वांडो, वाद्य यंत्र वादन तथा नृत्य प्रमुख रहे। इन सभी विधाओं का प्रशिक्षण विद्यालय की कुशल एवं समर्पित अध्यापिकाओं द्वारा दिया गया।
समापन अवसर पर शिविर में तैयार की गई छात्र-छात्राओं की आकर्षक कलाकृतियों एवं हस्तनिर्मित वस्तुओं की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में सजी सुंदर एवं सजीव कलाकृतियों ने सभी आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर व्यक्ति विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं मेहनत को देखकर आश्चर्यचकित रह गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामतीर्थ सिंघल (विधान परिषद सदस्य उ0प्र) द्वारा छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने एवं उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय की अध्यापिकाओं की कड़ी मेहनत, समर्पण एवं तपती गर्मी में भी निरंतर दिए गए प्रशिक्षण की सराहना की।
इस अवसर पर विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण देने वाली अध्यापिकाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। साथ ही विद्यालय की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में सर्वाेच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। शिविर के दौरान प्रत्येक विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के ट्रस्टी आलोक सारस्वत एवं विद्यालय की अध्यापिकाएं रंजन सक्सेना, पूनम मकराडिया, रेनू गांगिल, नीलू मिश्रा, कल्पना, ज्योत्सना, भावना, संगीता अवस्थी, अंकित सोनी आदि उपस्थित रहें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजना सारस्वत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, अध्यापिकाओं एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम की सफलता की घोषणा की। समारोह हर्षाेल्लास एवं प्रेरणादायी वातावरण के साथ संपन्न हुआ।

No Previous Comments found.