खनन पट्टा क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से शुरू हुई निगरानी, अवैध खनन करते पाए जाने पर होगा पट्टा निरस्त- जिलाधिकारी

झांसी : जनपद में खनन माफियाओं और खनन कारोबारियों को सीधी चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि नियम विरुद्ध बालू/मौरम का अवैध खनन एवं परिवहन के अतिरिक्त आवंटित क्षेत्र की सीमा से बाहर खनन कार्य करने एवं में जुटे माफिया तत्वों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्यवाही की जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने जनपद में खनन पट्टा क्षेत्रों नियम विरूद्ध एवं अवैध खनन को रोकने के लिए ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने के निर्देश दिए।  जिलाधिकारी गौरांग राठी ने निर्देश दिए कि बालू/मौरंग, गिट्टी जैसे खनिज जिनका आम आदमी से सीधा जुड़ाव है। इनकी अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाए। जन सामान्य को उचित दर पर खनिज उपलब्ध हो और प्रदेश में खनन का व्यवसाय सुगमता पूर्वक हो सके इसके लिए प्रशासन संकल्पित है, उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन के माध्यम से राजस्व संग्रह में वृद्धि होती है, यह प्रयास आगे भी जारी रहना चाहिये। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि खनन कार्य से जुड़े सभी हित धारकों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित हो, मूल्य नियंत्रण में रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में नियम विरुद्ध परिवहन तथा अवैध खनन एवं पट्टाधारकों द्वारा अपनी सीमा से इतर खनन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने गठित टीम द्वारा नियम विरुद्ध खनन/अवैध खनन तथा ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्यवाही करने पर संतोष व्यक्त करते हुए खनन कारोबारियों के यहां छापामार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कई ऐसे घाट हैं जहां पर कोई भी पट्टा जारी नहीं किया गया है परंतु वहां से अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जांच दल ऐसे खनन क्षेत्र पर छापामार कार्यवाही करते हुए नियमत: कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।  जनपद में उपखनिज के अवैध खनन/परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निमित्त जिलाधिकारी द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में दिनांकः 03.06.2026 से 08.06.2026 तक की गयी कार्यवाहियों के अन्तर्गत तहसील-गरौठा स्थित ग्राम-ठर्रो में बालू/मौरम के अवैध खनन के स्थलीय निरीक्षण में 900 घनमीटर बालू/मौरम के पाये गये अवैध खनन के सम्बन्ध में थाना-ककरबई में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है तथा ग्राम-कचीर में 3060 घनमीटर बालू/मौरम के अवैध भण्डारण को सीज किया गया है।
तहसील-मोंठ में बालू/मौरम के अवैध खनन के सम्बन्ध में 06 ट्रेक्टरों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी है। उक्त के अतिरिक्त अवैध खनन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने हेतु तहसील-गरौठा के ग्राम-मोतीकटरा में संचालित बालू/मौरम के खनन पट्टाधारक द्वारा बार-बार अवैध खनन किये जाने के कारण उक्त खनन पट्टा जिलाधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया है तथा तहसील-गरौठा, मऊरानीपुर, मोंठ, सदर तथा टहरौली में बालू/मौरम, इमारती पत्थर तथा साधारण मिट्टी के अवैध खनन की प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में जाँच कार्यवाही में उपखनिज के अवैध परिवहन पर कुल 19 वाहनों को सीज करते हुए सम्बन्धित थाने की सुपुर्दगी में दिया गया इसके अतिरिक्त 04 वाहनों के विरूद्ध ई-चालान की कार्यवाही की गयी जिसके अन्तर्गत रू0 1,87,420.00 का राजस्व शास्ति के रूप अर्जित किया गया है।
उक्त के अतिरिक्त उपखनिज के अवैध खनन पर पूर्णतयः अंकुश स्थापित किये जाने के उद्देश्य से तहसील-सदर स्थित ग्राम-खैलार में इमारती पत्थर के स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्रों का ड्रोन के माध्यम से निरीक्षण / जाँच की कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा उपखनिज के अवैध खनन / भण्डारण / परिवहन के विरूद्ध निरन्तर सतत् कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने के कड़े निर्देश दिये गये हैं।निरीक्षण के दौरान जिला खान अधिकारी शैलेंद्र सिंह, खनिज इंस्पेक्टर अमित कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी, पुलिस बल उपस्थित रहे।

 

रिपोर्टर : अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.