त्योहारों में विघ्न डालने एंव अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर,गड़बड़ी करने पर की जाएगी सख्त कार्रवाही
झांसी : जिलाधिकारी गौरांग राठी ने आगामी त्योहारों सहित मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक में अध्यक्षता करते हुए जनपद में कानून व्यवस्था एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के सम्बन्ध में धार्मिक गुरु एवं गणमान्य नागरिकों के साथ कलेक्टर नवीन सभागार में तैयारियों की समीक्षा की। पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद में 21 जून को आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस में उपस्थित समस्त धर्मगुरुओं सहित आम जनमानस को आमंत्रित किया।उन्होंने मुहर्रम के दौरान डी0जे0 म्यूजिक सिस्टम संचालन के सम्बन्ध में निर्देश देते हुए कहा की सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ही डी0जे0 बजाया जाना सुनिश्चित किया जाए, उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूस में किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए।साथ ही किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए ताजियों की ऊँचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा 10 से 12 फिट से ऊँचे ताजियाँ न हों ताकि अनहोनी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सभी की आस्था का सम्मान किया जाए, लेकिन नई परंपरा का सृजन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगा।जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान ताजिया जलूस में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, उक्त के दृष्टिगत रूट के मार्ग को मरम्मत कराते हुए गड्ढा मुक्त किया जाए। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाली मजलिस में आधारभूत सुविधाएं यथा पेयजल, विद्युत आपूर्ति और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि बारीश के मौसम को देखते हुए चिकित्सा सम्बन्धी समस्त व्यवस्था स्वयं के दिशा-निर्देश में नियमित रुप मॉनिटरिंग करते हुए सीएचसी/पीएचसी में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने एंव एम्बुलेंस की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि विघ्न डालने वाले अराजक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती से नजर रखी जाये और किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के एस0ई0 को निर्देशित किया कि भूमि पर रखे ट्रांसफार्मर, लटके हुए जर्जर तार और विद्युत से सम्बन्धित अन्य समस्या का त्वरित निस्तारण करें। जिससे निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की कोई दुर्घटना ना हो सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर निगम को केबिल के लटके तारों को सम्बन्धित संबंधित ऑपरेटर के माध्यम से ठीक कराए जाने के निर्देश दिये।पीस कमेटी की बैठक में शहर काजी मोहम्मद हाशिम ने जिला प्रशासन को सुझाव दिया कि डीजे की अनुमति न दी जाए, क्योंकि इससे हृदय रोग से पीड़ित व्यक्ति को बहुत तकलीफ होती है। बैठक में अन्य उपस्थित धर्मगुरु एवं गणमान्य जनों ने अपने सुझाव देते हुए कहा कि ताजियों के जुलूस मार्ग को जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त कराया जाए अन्यथा समस्या होगी। ताजियों को करबला जाने वाले मार्ग पर बिजली विभाग के लटके हुए तारों को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, इसके अतिरिक्त कर्बला की समय से साफ सफाई कर ली जाए। पुलिया नंबर 09 इलाहाबादी मोहल्ले में मिसिल लगती है। जहां ट्रांसफार्मर खुले में रखा है इसे जल्द से जल्द सुरक्षित किया जाए ताकि अनहोनी घटना से बचा जा सके।
बैठक में आचार्य हरिओम पाठक, शिया धर्मगुरु शाने हैदर जैदी, याकूब अहमद मंसूरी , पंडित कैलाश नारायण पाठक, मुकेश अग्रवाल, अतुल किलपन, विनोद अवस्थी, नीरज जोशी सचिव विश्व हिंदू परिषद, ताजिया कमेटी के श्रीनूर अहमद मंसूरी ने भी अपने सुझाव रखें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड,एसपी देहात डॉ0 अरविन्द कुमार,एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीओ सिटी रामवीर सिंह, सीएफओ आर के राय सहित विद्युत, जल संसाधन, जल निगम के जिला स्तरीय अधिकारी सहित विभिन्न धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अंकित साहू
No Previous Comments found.