केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ

झाँसी :  केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद झाँसी में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा पं0 दीनदयाल सभागार परिसर में आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम,विधायक सदर रवि शर्मा, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, सदस्य विधान परिषद उ0प्र0 श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद उ0प्र0 रामतीर्थ सिंघल, अध्यक्ष गौसेवा आयोग श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाध्यक्ष महानगर सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष ग्रामीण  प्रदीप पटेल, जिलाधिकारी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विगत 12 वर्षों में "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" के मूलमंत्र के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया गया है।सांसद ने अपने सम्बोधन में कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा बुन्देलखण्ड के विकास पर अभूतपूर्व कार्य किये जा रहे हैं, जिसके अन्तर्गत 05 हाई-वे, 01 एक्सप्रेस-वे, 08 फ्लाई ओवर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का विकास, रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय की सौगात मिल चुकी है, इसके साथ ही एयरपोर्ट की सौगात मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले बुन्देलखण्ड सूखाग्रस्त रहा, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा हर घर नल जल योजना सहित विभिन्न क्षेत्रों में आये दिन सौगात दी जा रही है, जो कि हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। विकास प्रदर्शनी में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार के अन्तर्गत जनपद झांसी में रु0 27 करोड़ से कटेरा, गणेशपुरा-बबीना एवं बिजौली में राजकीय महाविद्यालयों का निर्माण, जनपद के विद्यार्थियों को मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, झांसी में तकनीकी शिक्षा युवाओं को नई दिशा में रु0 11.46 करोड़ से बबीना में आईटीआई भवन निर्मित, तकनीकी शिक्षा प्रोत्साहन से युवाओं को मिल रहा रोजगार, खेलेगा झांसी निखरेगा झांसी के अन्तर्गत रु0 3.57 करोड़ से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में जिम्नास्टिक हॉल का निर्माण, युवाओं को मिल रहीं आधुनिक खेल सुविधाएं, झांसी को उपहार स्मार्ट सुविधाओं का विस्तार के अन्तर्गत रु0 25 करोड़ से मल्टी लेवल कार पार्किंग की व्यवस्था, रु0 7 करोड़ से तैयार इलेक्ट्रिक बस मेंटेनेंस डिपो, मेरी झांसी, मेरी शान स्वच्छता है पहचान के अन्तर्गत रु0 28 करोड़ से बिजौली में सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट, जनपद को स्वच्छ और हरित बनाने की पहल, झांसी में पर्यटन का विकास रोजगार के अवसर अपार रु0 99.50 लाख से पर्यटक सूचना केंद्र का विकास, पर्यटकों को मिल रही बेहतर सुविधाएं, झांसी में सशक्त और सक्षम सुरक्षा व्यवस्था के अन्तर्गत रु0 13.57 करोड़ से 33वीं वाहिनी पीएसी में 200 बैरक तैयार, रु0 9.07 करोड़ से अग्निशमन केंद्र समथर में भवन निर्माण, सुरक्षा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं में बड़े सुधारों को सचित्र प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने केन्द्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्रदर्शनी में शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री सुमंगला कन्या योजना, एक जनपद एक उत्पाद, विकसित भारत-जी राम जी एवं अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित जानकारी सचित्र प्रदर्शित की गई।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं पर लगाई गई सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की विकास प्रदर्शनी का गहनतापूर्वक अवलोकन किया गया, इसके साथ ही उन्होंने आमजनमानस से अपील करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी 17 जून से 20 जून 2026 तक पूर्ण रूप से निःशुल्क है, इस हेतु सभी जनपदवासी प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुये केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियां की जानकारी प्राप्त कर सकते है। पं0 दीनदयाल सभागार के परिसर में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बीडा, डिफेस काॅरिडोर, लोक निर्माण, झांसी विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जलजीवन मिशन, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, चिकित्सा एवं स्वाथ्य, कौशल विकास मिशन, उद्योग, संस्कृति एवं पर्यटन, समाज कल्याण, स्वतः रोजगार, नेडा, कृषि, राजस्व, पुलिस, प्रोबेशन, महिला एवं बाल विकास, श्रम, डूडा, बाल एवं पुष्टाहार, विद्युत, वन, खाद्य एवं रसद, शिक्षा विभाग के स्टाॅल लगाकर अपनी-अपनी योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है जो कि आमजन के लिए लाभदायक सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी  गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जिला विकास अधिकारी  सुनील कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए राजेश कुमार, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, सूचना कार्यालय के कार्मिक अतुल दीक्षित,  दीनानाथ, रविन्द्र कुमार सिंह, आजाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

रिपोर्टर : अकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.