12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के तहत पुलिस लाइन में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित
झांसी : आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन एवं योग के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 18.06.2026 को पुलिस लाइन ग्राउंड, झांसी में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय में तैनात अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए नियमित रूप से योग करने हेतु प्रेरित किया गया। प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर उनके सही अभ्यास की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से एकाग्र तथा जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है। पुलिस कर्मियों के लिए योग तनाव प्रबंधन, कार्यक्षमता वृद्धि एवं बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। जनपद पुलिस द्वारा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के दृष्टिगत दिनांक 14 जून 2026 से 21 जून 2026 तक विशेष योग प्रशिक्षण एवं अभ्यास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस दौरान प्रतिदिन अधिकारी एवं कर्मचारी सामूहिक योगाभ्यास में प्रतिभाग कर योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए नियमित अभ्यास हेतु प्रेरित किया जा रहा है, जिससे वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर अपने कर्तव्यों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
No Previous Comments found.