25 जून से कांग्रेस चलाएगी छात्रों की गूंज ' अभियान: गौरव जैन
झांसी : देश में नीट और अन्य परीक्षाओ के पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस छात्र हित में केंद्र की मोदी सरकार पर हमला तेज करने के लिए युवा कांग्रेस और एन एस यू आई के माध्यम से 25 जून से 9 अगस्त तक छात्रों की गूंज अभियान चलाएगी। जिसके तहत जागरूकता एवं जनांदोलन चलाया जाएगा । जिला व शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा मंगलवार को एक स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता गौरव जैन ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार केवल निजीकरण और संघीकरण और केंद्रीयकरण करने का काम कर रही है। उन्होंने छात्रों व युवाओं के मुद्दे उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी के कारण नीट परीक्षा में गड़बड़ियां एवं पेपरलीक हुए है। देश में युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ लगातार हो रही भयावह त्रासदी के बावजूद केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करती है।उन्होने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के अलावा ऐसी तमाम प्रतियोगी परीक्षाएं पेपर लीक के माध्यम से भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयीं। हाल ही में हुई नीट परीक्षा के पेपर लीक के बाद कांग्रेस पार्टी द्वारा आवाज उठाने एवं सड़कों पर संघर्ष करने के चलते सरकार को पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लेना पड़ा।नीट पेपर लीक से पैदा हुए मानसिक तनाव के कारण देश के विभिन्न राज्यों से अब तक 12 छात्र अपनी जान गंवा चुके हैं। कांग्रेस पार्टी इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सरकार उत्प्रेरित हत्या मानती है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं यानी लगभग हर वर्ष दो पेपर लीक हुए हैं। अब तक देश भर में लगभग 90 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं।लेकिन दोषियों को सजा मिलने के मामले न के बराबर है। बार-बार पेपर लीक और छात्रों और अभिभावकों की पीड़ा और दर्जन भर छात्रों की आत्महत्या से आहत राहुल गांधी ने छात्रों से सीधा संवाद स्थापित करके शिक्षा व्यवस्था एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में अमूलचूल परिवर्तन के लिए सुझाव प्राप्त करने हेतु कोटा में महारैली से आरम्भ की है। जुलाई माह मे वह इलाहाबाद, पुणे और दिल्ली में छात्रों की आवाज उठाएंगे। इस अवसर पर लखनऊ अग्निकांड में मारे गये छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे, डा. सुनील तिवारी , अरविंद बबलू, अमीर चंद आर्य, आशु सिंह ठाकुर, शैलेन्द्र कुमार शीलू, दिनेश कुमार वर्मा, शेखर नलवंशी, नफीस मकरानी, दिलीप , शाहरुख मंसूरी, प्रीति श्रीवास आदि मौजूद रहें।
No Previous Comments found.