सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित

झांसी : आज जनपद झांसी में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति सहित अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि बिना नंबर प्लेट के संचालित होने वाले वाहनों, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों तथा चालान एवं निगरानी से बचने के उद्देश्य से नंबर प्लेट को ढंकने, मोड़ने अथवा अन्य तरीकों से छिपाने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया, जिससे जाम जैसी समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके। साथ ही सड़क किनारे संचालित वाहन रिपेयरिंग वर्कशॉप संचालकों को निर्देशित किए जाने के निर्देश दिए गए कि वे सार्वजनिक मार्गों पर मरम्मत कार्य न करें तथा सड़क को अतिक्रमित न करें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु समन्वित प्रयास किए जाने पर भी बल दिया गया। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।

 


 रिपोर्टर : अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.