नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम व्यक्ति को खुद की इच्छाशक्ति मजबूत करके दुर्व्यसनों का त्याग करना चाहिए - प्राचार्य डॉ. पिंकी सिंह

झांसी :  डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी महिला महाविद्यालय में आज(26 जून) को नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में मनाया गया। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्राचार्य डॉ. पिंकी सिंह के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रैली निकाली गई, तत्पश्चात महाविद्यालय के सभागार में प्राचार्य डॉ. पिंकी सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर मां सरस्वती की पूजा अर्चना करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आराधना यादव की देखरेख में छात्राओं ने दुर्व्यसन निवारण संबंधी सामूहिक गीत व अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर डॉ. आराधना यादव, डॉ. पूनम यादव, शारदा सिंह चौहान, एवं गुलाब राय शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। प्राचार्य डॉ. पिंकी सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि व्यक्ति को किसी भी तरीके का नशा नहीं करना चाहिए। नशामुक्ति समाज के निर्माण के लिए हम सभी को मजबूती के साथ काम करना है। हमारा कर्तव्य है कि हम अपने शरीर को स्वस्थ रखें, अन्यथा हम अपने मन को सक्षम और शुद्ध नहीं रख पाएंगे। स्वास्थ्य ही असली धन है, व्यक्ति को खुद की इच्छाशक्ति मजबूत करके दुर्व्यसनों का त्याग करना चाहिए। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आराधना यादव एवं डॉ. धीरज दीक्षित की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन गुलाब राय शर्मा ने एवं आभार डॉ. आराधना यादव ने किया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्रवक्तागण, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रही।

रिपोर्टर : आशुतोष गोस्वामी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.