शादी के 4 महीने बाद नव विवाहिता की संदिग्ध मौत
शादी के 4 महीने बाद नव विवाहिता की संदिग्ध मौत,भाई ने लगाया हत्या का आरोप
झांसी -आज नवविवाहिता की मौत हो गई। 4 महीने पहले ही सपना साहू (33) की शादी हुई थी। 10 दिन पहले वह ससुराल आई थी। मरने से एक दिन पहले उसने अपने भाई को कॉल की थी। कहा था- मुझे यहां से ले जाओ।
भाई ने कहा- आज जीजा का फोन आया कि सपना बोल नहीं रही है। जब उसके ससुराल पहुंचा तो बहन बेड पर बेहोश पड़ी थी। तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आया। यहां पर डॉक्टरों ने बहन को मृत घोषित कर दिया।
भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। एसी और सोने की चेन मांग रहे थे। 10 दिन पहले ही नया कूलर खरीदकर दिया था। मेरी बहन की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। महानगर के नई बस्ती के रहने वाले सत्येंद्र साहू ने बताया- मेरी 3 बहनें रूचि, रचना और सपना हैं, जबकि मैं अकेला भाई हूं। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बहन सपना की शादी 20 फरवरी 2026 को अभिषेक साहू से की थी। अभिषेक मेरे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर कोतवाली क्षेत्र के झारखड़िया मोहल्ले में रहता है।
जीजा बिसाती बाजार में आर्टिफिशयल ज्वेलरी की शॉप चलाते हैं। शादी में हम लोगों ने लगभग डेढ़ किलो चांदी और 50 ग्राम सोने के जेवरात दिए थे। इसके अलावा सामान दिया था। अपनी हैसियत के अनुसार धूमधाम से शादी की थी। मगर ससुराल वाले खुश नहीं थे। सत्येंद्र साहू ने बताया- बहन के ससुराल वाले ताने मारते थे। कहते थे कि जो कुछ दिया, अपनी लड़की को दिया। लड़के और हमें कुछ नहीं दिया। वे सोने की चेन और एसी की डिमांड कर रहे थे। 10 दिन पहले ही नया कूलर खरीदकर दिया था। 18 जून को बहन ससुराल गई थी। लेकिन वो खुश नहीं थी।
जीजा बहन को टाइम नहीं देते थे। इसलिए वो एडजस्ट नहीं हो पा रही थी। शनिवार रात लगभग 11 बजे बहन से बात हुई तो कहने लगी कि मुझे अच्छा नहीं लग रहा है, बुला लो। ससुराल में बहन के बड़े ससुर की मौत हो गई थी। सोमवार को उनकी तेहरवीं है। इसलिए बहन से कहा कि मंगलवार को आकर ले जाएंगे। सत्येंद्र ने आगे बताया कि आज जीजा का फोन आया कि सपना बोल नहीं रही है। तब तुरंत ससुराल पहुंचा। वहां कमरे में बेड पर बहन बेसुध पड़ी थी। तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मेडिकल कालेज पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
No Previous Comments found.