नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मिलीं पार्षद मोनिका विकास गुप्ता, वार्ड 50 की प्रमुख जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की उठाई मांग

झांसी : वार्ड संख्या 50 डडीयापुरा प्रथम की पार्षद मोनिका विकास गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा  से शिष्टाचार भेंट कर उनका पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड संख्या 50 बड़ा गांव गेट बाहर की विभिन्न जनसमस्याओं से मंत्री जी को विस्तारपूर्वक अवगत कराया तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

पार्षद ने बताया कि वार्ड की अनेक सड़कें लंबे समय से अत्यंत जर्जर एवं क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं। कई सड़क निर्माण कार्यों के टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद आज तक वर्क ऑर्डर जारी नहीं किए गए हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को प्रतिदिन आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित सड़क निर्माण कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने की मांग की।
उन्होंने वार्ड में लगातार हो रही असमय एवं अघोषित विद्युत कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली बाधित रहने से आमजन, विद्यार्थी, व्यापारी, महिलाएं एवं बुजुर्ग अत्यधिक परेशान हैं। उन्होंने नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
पार्षद ने अमृत जल योजना फेज-1 एवं फेज-2 के अधूरे कार्यों का विषय भी मंत्री जी के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य अभी तक अधूरा है तथा खुदाई के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं की गई है। इससे नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने योजना के सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने वार्ड संख्या 50 में सफाई कर्मचारियों की भारी कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि लगभग 25 हजार से अधिक आबादी वाले इस विशाल वार्ड में वर्तमान में मात्र 22 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, जिसके कारण पूरे वार्ड में नियमित सफाई संभव नहीं हो पा रही है। उन्होंने जनसंख्या एवं क्षेत्रफल के अनुरूप कम से कम 60 सफाई कर्मचारियों की तैनाती कराने की मांग की।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को  आवश्यक निर्देश देकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पार्षद मोनिका विकास गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री जी के हस्तक्षेप से वार्ड संख्या 50 की सड़क, विद्युत, पेयजल एवं सफाई संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.