83.24 करोड़ की गुरसराय-गरौठा पेयजल योजना का लोकार्पण, हजारों परिवारों को मिलेगा शुद्ध पेयजल- ए के शर्मा

झांसी : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने झांसी जनपद में ₹83.24 करोड़ की लागत से निर्मित गुरसराय नगर पालिका परिषद एवं गरौठा नगर पंचायत संयुक्त पुनर्गठन पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से गुरसराय और गरौठा के लगभग 7740 घरों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्री ए0के0 शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज प्रदेश सरकार बुंदेलखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पेयजल परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इससे गुरसराय और गरौठा क्षेत्र के हजारों परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि ₹83.24 करोड़ की इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक जल शोधन एवं वितरण प्रणाली विकसित की गई है, जिससे नागरिकों के घरों तक गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में पेयजल, बिजली और आधारभूत ढांचे के विकास पर अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। क्षेत्र में सौर ऊर्जा परियोजनाओं का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इनके पूर्ण होने के बाद लोगों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र ऊर्जा के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाएगा।उन्होंने बुंदेलखंड में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि इन परियोजनाओं का सर्वाधिक लाभ स्थानीय युवाओं को मिले। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है, जिससे पलायन रुके और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत हो।
ऊर्जा मंत्री ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने बेटे और बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उद्योग और कम्पनियां युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराएंगी, यदि युवा शिक्षित और दक्ष होंगे तो उन्हें अपने ही क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार मिलेगा तथा वे अपने परिवार के साथ रहकर प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ऐसा विकास मॉडल तैयार कर रही है, जिसमें आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, शिक्षा और औद्योगिक विकास एक-दूसरे के पूरक बनें। बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन की पहचान नहीं, बल्कि विकास, निवेश और अवसरों की नई भूमि बन रहा है।
इस अवसर पर विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि बुंदेलखंड में स्थापित हो रहे उद्योगों एवं विकास परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इससे क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा और युवाओं को अपने घर के निकट ही रोजगार उपलब्ध होगा। 
इस अवसर पर उ0प्र0 उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के मा0 सभापति जमुना प्रसाद कुशवाहा, विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, एमएलसी डाॅ0 बाबूलाल तिवारी, एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, अधिशाषी अभियंता जल निगम मुकेश पाल सिंह सहित विभागीय अधिकारीगण, पार्टी पदाधिकारीगण एवं भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

 

रिपोर्टर : अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.