संयुक्त कार्रवाई में रेलवे का लगभग तीन टन स्क्रैप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
झांसी : रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं रेलवे पुलिस अधीक्षक कार्यालय की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए लगभग तीन टन रेलवे स्क्रैप सामग्री बरामद की है तथा इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शनिवार को निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, जीआरपी वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, निरीक्षक अर्चना, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वर्कशॉप, पुलिस अधीक्षक रेलवे की अनुभागीय टीम के उप निरीक्षक संदीप सेंगर, अपराध शाखा निरीक्षक ओम प्रकाश तथा उनकी संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि कानपुर से रेलवे वैगनों के पहियों (व्हील) को मरम्मत हेतु रेलवे वर्कशॉप लाने वाले दो ट्रकों के चालक, मरम्मत कार्य पूर्ण होने के उपरांत वापस कानपुर जाते समय वर्कशॉप परिसर में खुले पड़े रेलवे स्क्रैप को कथित रूप से रेलवे कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल की नजर से बचाकर अपने-अपने ट्रकों के केबिन में छिपाकर ले गए। बाद में उक्त स्क्रैप को थाना बड़ागांव क्षेत्र स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर बेचा जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने रात्रि लगभग 00:50 बजे कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से लगभग तीन टन रेलवे स्क्रैप सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग ₹75,000 आंका गया है।
इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति की चोरी एवं अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
रिपोर्टर : अंकित साहू
No Previous Comments found.