आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में पीड़ित से करें वार्ता- मंडलायुक्त

झांसी : मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विकास कार्यो, कर-करेत्तर, राजस्व एवं कानून व्यवस्था की मण्डलीय समीक्षा बैठक नवीन आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी।
मण्डलायुक्त ने कहा कि झांसी मण्डल में नवाचार, रोजगार, कौशल विकास और जनभागीदारी को विकास का आधार बनाते हुए एक ऐसा समग्र मॉडल विकसित करें। इसके अन्तर्गत विधानसभावार बैंक/रोजगार मेले, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमिता, स्टार्टअप एवं नवाचार को प्रोत्साहन, विभागीय योजनाओं तथा जनपद की स्थानीय विशेषताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देना सुनिश्चित करें।
मण्डलायुक्त ने कहा कि जनपद में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधानसभावार वृहद बैंक ऋण/रोजगार मेला आयोजित कराएं, जिसका उद्देश्य है कि मण्डल के तीनों जनपदों में अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में विभिन्न विभागों, बैंकों एवं रोजगार प्रदाता संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं, बैंक ऋण एवं वित्तीय सहायता की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विधानसभा क्षेत्रवार मेले की तिथि एवं स्थान निर्धारित कर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवा एवं बेरोजगार अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकें। बैंकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से ऋण एवं रोजगार संबंधी प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
मण्डलायुक्त ने सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुये बड़े बकायेदारों के नाम प्रदर्शित करने के साथ ही वसूली सम्बन्धी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारियों से कहा कि सहकारिता विभाग के विभागीय कार्यो की समीक्षा करते हुये आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने मण्डी सचिव को निर्देशित किया कि मण्डियों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करायें, जिससे आमजन को सहुलियत रहे।
मण्डलायुक्त ने निर्धनतम परिवारों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराने के साथ ही श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने तथा उनके बच्चों को चिन्हित कर श्रम विभाग की योजनाओ का लाभ दिलाने के साथ ही मातृत्व वंदन योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने कहा कि आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत/फोन पर वार्ता अवश्य करें, जिससे जन शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापरक हो सके।
मण्डलायुक्त कहा कि जीरो पावर्टी कार्ययोजना के अनुरुप पात्रों को प्राथमिकता पर संतृप्त करायें। जीरो पाॅवर्टी अभियान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता में सम्मिलित है, इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक गरीब को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, निराश्रित महिला पेंशन, उज्जवला कनेक्शन, श्रम कार्ड बनवाने सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करायें।
मण्डलायुक्त ने फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमली आईडी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुये कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ पात्रों को अधिकतम दिलाने, फसल बीमा, फाॅर्मर रजिस्ट्री एवं फैमली आईडी की प्रगति बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास करें। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित विभागीय योजनाओं का लाभ अनिवार्य रुप से उपलब्ध कराया जाये।
मण्डलायुक्त ने परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुये आरटीओ को निर्देश दिये है कि  सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाहनों पर निर्धारित मानकों के विपरीत छोटे-बड़े अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मण्डलायुक्त ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुये पुलिस विभाग को निर्देश दिये कि चौराहों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर जारी रखते हुये पैदल गश्त बढ़ाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अवैध शराब के उत्पादन/बिक्री, गैंगस्टर, भूमाफिया, शराब माफिया पर सख्ती से कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने गैंगस्टर के प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने चैन स्नैचिंग घटनाओं, एण्टी भू-माफिया, ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक, अवैध खनन पर सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करें, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में, एनएचएआई के साथ पेट्रोलिंग बढ़ाने की कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने थानों में जनसुनवाई का परीक्षण गुणवत्तापरक सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
मण्डलायुक्त ने नगरीय विकास अभिकरण, अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण, बेसिक स्कूलों में नामांकन बढ़ाये जाने के निर्देश, स्वच्छता अभियान, गौशाला मार्गों की मरम्मत कार्य, आॅनलाइन खेत निस्तारण, राजस्व वसूली, जीएसटी, स्टाम्प रजिस्ट्रेशन, परिवहन, लम्बित न्यायिक वादों का निस्तारण, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति दीदी, छात्रवृत्ति प्रकरण, प्रोजेक्ट अलंकार, फैमली आईडी, किसानों का आधार सीडिंग कार्य, निराश्रित गौवंशों का संरक्षण, दुग्ध विकास, आदर्श ग्राम योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना, पीएमश्री, पीएम स्वनिधि, गर्भवती महिलाओं व छोटे बच्चों को पोषाहार वितरण, मिनी नन्दनी कृषक सम्बर्धन योजना, खाद्य आपूर्ति की समीक्षा करते हुये प्रगति लाये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में आईजी आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी, जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी ललितपुर सत्यप्रकाश, सीडीओ झांसी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, अपर आयुक्त प्रशासन कुंवर पंकज, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व झांसी श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एडीएम ललितपुर दिनेश कुमार, जेडीसी सुरेशचन्द्र केसरवानी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस0एन0 त्रिपाठी, उप निदेशक पंचायत अजय आनंद सरोज, श्रम विभाग, लोक निर्माण, जल निगम, उद्यान, भूमि संरक्षण, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग सहित सम्बन्धित मण्डलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
 
 
 
रिपोर्टर : अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.