एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता के लिए विद्यावती नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने किया फ्लैश मॉब
झांसी : उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के निर्देशन एवं दिशा टीम की अगुवाई में विद्यावती नर्सिंग कॉलेज, झांसी के छात्र-छात्राओं द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जन-जागरूकता के उद्देश्य से फ्लैश मॉब का आयोजन किया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत बड़ा बाजार, लेबर चौराहा एवं मिनर्वा चौराहा पर फ्लैश मॉब के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय झांसी के सम्पूर्ण सुरक्षा मैनेजर अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों की समझ विकसित करना तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना है। उन्होंने एचआईवी संक्रमण के चार प्रमुख कारणों एवं इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सीपीएम, दिशा क्लस्टर रितु पाण्डेय ने कहा कि देश का भार युवाओं के कंधों पर है और युवा ही देश का भविष्य हैं। सही मार्गदर्शन के अभाव में युवा कई बार जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में पहुंच जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए युवाओं के बीच एचआईवी/एड्स के कारणों एवं बचाव को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि युवा स्वयं जागरूक होने के साथ ही समाज के अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय झांसी से श्रीमती अवधेश कुमारी पटेल, चांदनी सौनकिया तथा विद्यावती नर्सिंग कॉलेज झांसी से अध्यापिका रितिका, राजकुमार, मुस्कान, यशेंद्र, खुशी, वत्सल, खीरा, साक्षी, नेहा, पूनम, नीलम आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दिशा क्लस्टर झांसी के अमित सक्सेना ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का समापन किया।
रिपोर्टर : अंकित साहू
No Previous Comments found.