बच्चों के सफल ऑपरेशन कर लौटाई मुस्कान, शिविर में योगदान देने वाले चिकित्सकों

झाँसी : सांसद अनुराग शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती पूनम शर्मा  द्वारा संचालित वीरांगना फाउंडेशन, झाँसी तथा ऑपरेशन स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में विगत सात दिनों से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी में चल रहे निःशुल्क कटे-फटे होंठ एवं तालू ऑपरेशन शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा एवं श्रीमती पूनम शर्मा ने इस मानवीय अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों, उनकी टीम, नर्सिंग स्टाफ, वॉलंटियर्स एवं ऑपरेशन स्माइल के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही सांसद अनुराग शर्मा ने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के इस अभियान में दिन-रात कार्य करने वाले चिकित्सकों,नर्सिंग स्टाफ,वॉलंटियर्स एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस पूरे अभियान के दौरान झाँसी एवं आसपास के विभिन्न गाँवों और शहरों में अलग-अलग स्तर पर स्क्रीनिंग एवं सर्वे अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों  की स्क्रीनिंग की गई तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें उपचार के लिए चिन्हित किया गया। शिविर में 80 से अधिक बच्चों के सफल ऑपरेशन किए गए, जिससे उनके चेहरे पर वर्षों से खोई मुस्कान पुनः लौट सकी।

विशेष बात यह रही कि इस पूरे अभियान के दौरान किसी भी बच्चे अथवा उसके परिवार से उपचार, ऑपरेशन या अन्य किसी चिकित्सा सुविधा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया गया। यह संपूर्ण अभियान वीरांगना फाउंडेशन एवं ऑपरेशन स्माइल के माध्यम से पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया गया। इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण पल है। यह आयोजन हम दूसरी बार कर रहे हैं और हमें प्रसन्नता है कि हम इतने सारे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान वापस ला पाए हैं। हमारा उद्देश्य है कि इस मिशन को आगे भी निरंतर जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों से आए चिकित्सकों, नर्सिंग टीम, वॉलंटियर्स और स्थानीय मेडिकल टीम ने एक साथ मिलकर जिस समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य किया, वह अपने आप में प्रेरणादायी है। सभी के सामूहिक प्रयासों से इतने बड़े शिविर को सफलतापूर्वक आयोजित कर बड़ी संख्या में बच्चों को नया आत्मविश्वास और मुस्कान प्रदान की जा सकी। सांसद अनुराग शर्मा ने शिविर में हर स्तर पर योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, वॉलंटियर्स, मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। पूनम शर्मा ने कहा कि, “मेरे लिए यह बेहद गौरवान्वित और भावुक करने वाला पल है कि आज हम इतने सारे बच्चों की मुस्कान पुनः वापस ला पाए हैं। मैं ऑपरेशन स्माइल की संपूर्ण टीम और वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की पूरी टीम का हृदय से धन्यवाद करती हूँ, जिन्होंने रात-दिन मेहनत कर इस पूरी मुहिम को सफल बनाया और हमारे संकल्प को पूर्ण किया।”

उन्होंने इस अभियान में मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक का भी आभार व्यक्त किया। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. सुधीर कुमार ने कहा कि यह अभियान मेडिकल कॉलेज के लिए एक नया और महत्वपूर्ण अनुभव रहा। विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं नर्सिंग टीम के अनुभवों तथा स्थानीय चिकित्सकीय टीम के अनुभवों का आपसी आदान-प्रदान हुआ, जिससे सभी को नई तकनीकों एवं कार्यप्रणाली को सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के नवीन छात्र-छात्राओं को भी इस अभियान के माध्यम से बहुत कुछ सीखने और प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला, जो उनके भविष्य के चिकित्सकीय जीवन में निश्चित रूप से उपयोगी सिद्ध होगा।

प्राचार्य ने इस सफल आयोजन के लिए सांसद अनुराग शर्मा एवं श्रीमती पूनम शर्मा के सहयोग और प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में शिविर के प्रभारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने इस पूरे अभियान को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार, सीएमएस डॉ. सचिन माहौर, ऑपरेशन स्माइल के वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक सेन गुप्ता, उनकी पूरी टीम, वरिष्ठ चिकित्सकगण, विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञ चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ, वॉलंटियर्स, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा मीडिया बंधु उपस्थित रहे। इस मानवीय अभियान ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास, सेवा और संवेदना के माध्यम से न केवल उपचार किया जा सकता है, बल्कि बच्चों के जीवन में आत्मविश्वास और मुस्कान भी लौटाई जा सकती है।

रिपोर्टर - अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.