रेल वन ऐप से आसान हुई रेल यात्रा, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी सभी यात्री सुविधाएं
झांसी : भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को डिजिटल माध्यम से बेहतर एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित रेलवन ऐप रेल यात्रा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा रहा है। यात्री इस ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग के साथ-साथ ट्रेन के आगमन-प्रस्थान, PNR स्टेटस, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, शिकायत एवं सहायता जैसी सेवाओं का आसानी से लाभ उठा सकते हैं।
RailOne ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रेन की खोज एवं पूछताछ, PNR की स्थिति, ट्रेन के लाइव रनिंग स्टेटस तथा अन्य यात्रा संबंधी जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। रिटायरिंग रूम बुकिंग जैसी सुविधाएं भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म का सहारा लेने की आवश्यकता कम हुई है।
यात्रियों की शिकायतों और सहायता संबंधी जरूरतों के लिए RailMadad की सेवाओं को भी इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा गया है। यात्री RailMadad के माध्यम से अपनी शिकायत, सुझाव अथवा सहायता संबंधी अनुरोध दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही रेलवे की 139 हेल्पलाइन भी ट्रेन एवं यात्रा संबंधी जानकारी तथा सहायता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
ट्रेन की समय-सारणी और लाइव रनिंग स्टेटस की जानकारी के लिए यात्री रेलवे के अधिकृत NTES (National Train Enquiry System) का भी उपयोग कर सकते हैं। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि ट्रेन के समय, ठहराव, आगमन-प्रस्थान और लाइव रनिंग स्टेटस जैसी महत्वपूर्ण जानकारी के लिए रेलवे के अधिकृत डिजिटल माध्यमों पर ही भरोसा करें।
रेल प्रशासन के संज्ञान में ऐसे मामले भी आए हैं, जहां थर्ड पार्टी वेबसाइट या मोबाइल ऐप से प्राप्त पुरानी अथवा गलत जानकारी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों की सुविधा और यात्रा को सुगम बनाने के लिए अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी रेलवे के अधिकृत ऐप एवं पोर्टल से अवश्य जांच लें।
रेल प्रशासन ने यात्रियों को अनधिकृत वेबसाइटों, मोबाइल ऐप और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है। साथ ही, किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत अथवा वित्तीय जानकारी साझा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
RailOne ऐप भारतीय रेलवे की यात्री सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से यात्रियों को सरल, सुगम, त्वरित और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे रेल यात्रा का अनुभव और बेहतर हो सके।
रिपोर्टर : अंकित साहू
No Previous Comments found.