फिल्म 'हनुमान अंश' देख भावविभोर हुए साधु-संत,विधायक राजीव सिंह पारीछा की अनूठी पहल की मुक्त कंठ से की सराहना

झांसी - सनातन संस्कृति के संवर्धन और संत समाज के सम्मान में आज झांसी के खिलोना टॉकीज में एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नजारा देखने को मिला। बबीना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक राजीव सिंह पारीछा की विशेष पहल पर क्षेत्र के सैकड़ों पूज्य साधु-संतों को भक्ति और अध्यात्म से ओत-प्रोत फिल्म 'हनुमान अंश' निशुल्क दिखाई गई। फिल्म संपन्न होने के बाद थियेटर से बाहर निकले संतों के चेहरे पर असीम संतोष और भक्ति का भाव साफ नजर आ रहा था।आज दोपहर 01:00 बजे से शुरू हुए इस विशेष शो के लिए खिलोना टॉकीज में बुंदेलखंड और झांसी क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख अखाड़ों, आश्रमों, पीठों और मंदिरों के प्रतिष्ठित संत, महंत और नागा सन्यासी बड़ी संख्या में एकत्रित हुए थे। पूरा सिनेमाघर परिसर शंखध्वनि, घंटा-घड़ियाल और 'जय श्री राम' व 'बजरंगबली की जय' के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।

विधायक राजीव सिंह पारीछा ने स्वयं टॉकीज पहुंचकर सभी पूज्य संतों का भावभीना स्वागत किया, उनका माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया और उनके बैठने की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की। फिल्म देखने के बाद संतों ने इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। संतों का कहना था कि आधुनिक युग में इस तरह की भक्तिमय फिल्में समाज को अपनी जड़ों और सनातन मूल्यों से जोड़ने का बेहतरीन माध्यम हैं। इस भव्य धार्मिक व सामाजिक आयोजन की लाइव मीडिया कवरेज के लिए झांसी के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल जगत के पत्रकार साथी भारी संख्या में उपस्थित रहे। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि संत समाज का आशीर्वाद ही हमारी असली पूंजी है और बजरंगबली की भक्ति का यह संदेश हर घर तक पहुंचना चाहिए। फिल्म के सफल प्रदर्शन के बाद विधायक कार्यालय ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी संतों, श्रद्धालुओं और पत्रकार साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.