पंचायत सहायकों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया धरना, कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी

बंगरा/झांसी :  विकासखंड बंगरा के पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 7 सितंबर 2026 से धरना प्रदर्शन शुरू किया है। पंचायत सहायकों ने खंड विकास अधिकारी बंगरा को ज्ञापन सौंपकर पांच सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग की है। पंचायत सहायकों की प्रमुख मांगों में मानदेय में वृद्धि, डीबीटी के माध्यम से भुगतान, स्थायीकरण एवं सेवा नियमावली लागू करना, भर्ती में वरिष्ठता एवं उचित आरक्षण, महिला पंचायत सहायकों के लिए स्थानांतरण/समायोजन एवं मातृत्व अवकाश तथा आवश्यक संसाधन और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है। ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने बताया कि इन्हीं मांगों को लेकर लखनऊ में भी 7 सितंबर से लगातार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। बंगरा विकासखंड के पंचायत सहायकों ने आंदोलन का समर्थन करते हुए पंचायत के सभी कार्यों का बहिष्कार करने तथा ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने का निर्णय लिया है। पंचायत सहायकों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक धरना प्रदर्शन जारी है, तब तक किसी भी पंचायत सहायक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई न की जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

रिपोर्टर : धीरेन्द्र सोनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.