पितृपक्ष में गया जी पिंडदान से वंचित परिवारों के लिए निःशुल्क सेवा जिला जनकल्याण महासमिति की बैठक में सेवा-संकल्प की तैयारियों पर चर्चा
झांसी : पितृपक्ष के अवसर पर गया जी में पिंडदान एवं श्राद्ध कर्म से वंचित श्रद्धालु परिवारों को सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला जनकल्याण महासमिति, झांसी द्वारा विगत कई वर्षों से संचालित निःशुल्क सेवा-संकल्प को इस वर्ष भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को संस्था के सिटी ऑफिस में केंद्रीय अध्यक्ष डा. जितेन्द्र कुमार तिवारी के संयोजन में बैठक आयोजित हुई। बैठक में पितृपक्ष के दौरान होने वाले तर्पण, पिंड पूजन तथा गया जी में पिंडदान एवं श्राद्ध सेवा की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सनातन परंपरा में पितृपक्ष को पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं स्मरण का विशेष अवसर माना गया है। अनेक श्रद्धालु आर्थिक, शारीरिक अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण गया जी नहीं पहुंच पाते। ऐसे परिवारों की सुविधा के लिए महासमिति द्वारा उनके पूर्वजों के नाम एवं आवश्यक विवरण प्राप्त कर विद्वान पंडा-पुरोहितों के माध्यम से विधि-विधानपूर्वक पिंडदान एवं श्राद्ध कर्म कराया जाता है। इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
अज्ञात और बेसहारा दिवंगत आत्माओं के लिए भी पितृसेवा
महासमिति की सेवा का विशेष पक्ष अज्ञात, लावारिस, अनाथ अथवा ऐसी दिवंगत आत्माओं के लिए पितृसेवा भी है, जिनका संसार में कोई अपना नहीं है। डा. जितेन्द्र कुमार तिवारी द्वारा विगत कई वर्षों से गया जी में उनके लिए पिंडदान एवं श्राद्ध कर्म कराया जा रहा है।
“जिनका कोई नहीं, उनके पितृकर्म का संकल्प भी श्रद्धा से निभाया जा रहा है।”
झांसी में होंगे विशेष कार्यक्रम
27 सितंबर, रविवार | प्रातः 11:00 बजे
पहुज नदी घाट, सीपरी बाजार
सामूहिक तर्पण • पिंड पूजन • पितृ शांति हेतु सामूहिक प्रार्थना
28 सितंबर, सोमवार | प्रातः 8:00 बजे
झांसी रेलवे स्टेशन, मुख्य द्वार
गया जी के लिए पिंडों की भावपूर्ण विदाई
जो श्रद्धालु अपने पूर्वजों के नाम गया जी में पिंडदान एवं श्राद्ध कर्म हेतु देना चाहते हैं, वे संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं पंजीकरण की प्रक्रिया प्राप्त कर सकते हैं।
संपर्क एवं पंजीकरण:
डा. जितेन्द्र कुमार तिवारी
केंद्रीय अध्यक्ष, जिला जनकल्याण महासमिति, झांसी, मोबाइल: 9415055454
बैठक में धर्मेंद्र कारलेकर, जगमोहन बड़ोने, रविंद्र कुमार निगम, प्रभात सिंह यादव, दिनेश कुमार बोहरे, कमलेश सैनी, डी.के. श्रीवास्तव, महेंद्र गिरी गोस्वामी, आर.एन. उपाध्याय, एम.पी. द्विवेदी, महेश चंद्र गौतम, शिरोमणि शर्मा, मुकेश प्रजापति, अनिरुद्ध शर्मा, बबीता ओझा, हिमानी कुशवाहा, निधि वर्मा, प्रतिमा ओझा, उषा देवी, सुमन वर्मा, अंजना गुप्ता, अभिषेक मिश्रा एवं सतेंद्र कुमार तिवारी आदि उपस्थित रहे।
No Previous Comments found.