“नशे के विरुद्ध जागरूकता की पहली दस्तक, युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प”
झांसी : युवाशक्ति को नशे की गिरफ्त से बचाकर स्वस्थ, सजग और सशक्त समाज की ओर ले जाने के संकल्प के साथ ‘प्रयास - सभी के लिए’ संस्था द्वारा प्रारंभ किए गए ‘नशा मुक्ति अभियान—Awareness Programme’ का प्रथम चरण आज बिपिन बिहारी डिग्री कॉलेज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एन. एस. सेंगर, पूर्व प्रधानाचार्य, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी रहे। अध्यक्षता के. डी. गुप्ता ने की तथा संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में यह जनजागरण अभियान आगे बढ़ा।
यह अभियान ऐसे समय में प्रारंभ हुआ है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने
2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने तथा इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।
प्रधानमंत्री के इस आह्वान के अनुरूप शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी को नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी भावना को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए ‘प्रयास—सभी के लिए’ ने युवाओं के बीच जागरूकता की यह पहल शुरू की है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एन. एस. सेंगर ने उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा—
“नशा केवल व्यक्ति के शरीर को ही नहीं, बल्कि उसके विचार, परिवार और भविष्य को भी भीतर से खोखला करता है। युवा यदि अपनी ऊर्जा को शिक्षा, संस्कार, सृजन और सकारात्मक कर्म में लगाए, तो वही शक्ति समाज के परिवर्तन का आधार बन सकती है। नशे से दूरी केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि परिवार और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।”
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी मनमोहन गेड़ा ने कहा—
“युवा देश की धड़कन और भविष्य की दिशा हैं। उन्हें नशे से बचाना केवल किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। ‘प्रयास’ का यह अभियान जागरूकता की एक ऐसी श्रृंखला है, जो विद्यालयों और महाविद्यालयों तक पहुँचकर युवाओं को सही दिशा देने का प्रयास करेगी।”
उक्त आयोजन के समन्वय में डॉ. दिलीप कुमार सिंह एवं डॉ. अयूब अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नशामुक्ति अभियान विषय पर अपने सारगर्भित एवं प्रभावी वक्तव्यों के माध्यम से सहभागिता करने वाली छात्राओं वैष्णवी दुबे, कशिश राजपूत, तनुष्का व्यास, पाखी तोमर, गर्विता खत्री एवं अंचल कश्यप को उनके उल्लेखनीय योगदान एवं जागरूकता प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। इन छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम की जनचेतनामूलक भावना को और अधिक सशक्त स्वर प्रदान किया। कार्यक्रम संयोजक रवि पाण्डेय रहे। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार लोहिया ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामबाबू शर्मा, अशोक अग्रवाल पीएनबी, बीपी नायक, अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव, उमाशंकर राय, सतीश साहनी, नीरू पांडे सहित आदि अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में आभार महामंत्री नवीन श्रीवास्तव द्वारा अतिथियों, महाविद्यालय परिवार, युवाओं एवं उपस्थित सभी सहयोगियों के प्रति व्यक्त किया गया।
No Previous Comments found.