बुंदेली कला, व्यंजन और प्राकृतिक सौंदर्य से सजे पारीछा-बरुआसागर का हुआ पर्यटन भ्रमण

झांसी : में उत्तर प्रदेश ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स के लिए    यानी फेमिलियराइजेशन फैम ट्रिप का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यटन ग्राम पारीछा और बरुआसागर का भ्रमण कराया गया। टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स ने जहां बुंदेलखंड की पारंपरिक चितेरी कला और स्थानीय हस्तशिल्प को करीब से देखा, वहीं पारीछा डैम, जराय मठ, बरुआसागर झरना और मंशिल माता मंदिर सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को जाना। उत्तर प्रदेश ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत जनपद झांसी के पर्यटन ग्राम पारीछा एवं बरुआसागर में टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स के लिए फैम ट्रिप का आयोजन किया गया। फैम ट्रिप का शुभारंभ झांसी मंडल के क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी डी.के. शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। पारीछा पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं ने टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स का बुंदेलखंड की पारंपरिक चितेरी कला से सुसज्जित हस्तनिर्मित गमछे भेंट कर स्वागत किया। इन गमछों पर स्थानीय महिलाओं ने बुंदेलखंड की कला, संस्कृति और परंपराओं को आकर्षक रूप में उकेरा था। स्थानीय हस्तशिल्प और महिलाओं के हुनर से प्रभावित टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स ने गमछों की जमकर सराहना की। इस दौरान कुछ एजेंट्स द्वारा गमछों के ऑर्डर भी दिए गए। इससे स्थानीय महिलाओं को अपने पारंपरिक हुनर को बाजार से जोड़ने और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने का प्रोत्साहन मिला। इसके बाद टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स ने पारीछा डैम का भ्रमण किया। यहां उन्होंने प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ क्षेत्र में मौजूद पर्यटन की संभावनाओं को करीब से देखा।इसके उपरांत दल बरुआसागर स्थित ऐतिहासिक जराय मठ पहुंचा। यहां स्थानीय स्टोरीटेलर द्वारा पर्यटकों को जराय मठ और बरुआसागर गांव के इतिहास, संस्कृति एवं स्थानीय परंपराओं से जुड़ी रोचक जानकारियां दी गईं। जराय मठ परिसर में क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी डी.के. शर्मा सहित फैम ट्रिप में शामिल अतिथियों ने वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। बरुआसागर में टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स ने एक जनपद, एक उत्पाद यानी ओडीओपी के अंतर्गत स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे सॉफ्ट टॉयज के निर्माण कार्य को भी देखा। महिलाओं के हुनर और मेहनत की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

ग्रामीण जीवन और स्थानीय परिवेश का अनुभव कराने के लिए प्रतिभागियों ने ट्रैक्टर राइड का आनंद भी लिया। इसके साथ ही फैम ट्रिप में शामिल अतिथियों ने बुंदेलखंड के पारंपरिक स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा। भ्रमण के दौरान दल ने मंशिल माता मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद बरुआसागर झरने का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। फैम ट्रिप का मुख्य उद्देश्य टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स को पारीछा और बरुआसागर की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराना रहा। इसके माध्यम से स्थानीय कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक खान-पान और ग्रामीण जीवन के अनुभवों को पर्यटन से जोड़ने का प्रयास किया गया। इस पहल से भविष्य में पारीछा और बरुआसागर को टूर एवं ट्रैवल नेटवर्क से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय, विशेषकर महिलाओं के लिए आजीविका और स्वरोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है। फैम ट्रिप में झांसी मंडल के क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी डी.के. शर्मा के साथ स्वास्तिक ट्रैवल, सफर हॉलीडे, ड्रीम डेस्टिनेशन हॉलीडे, बालाजी ट्रैवल एंड इवेंट, एमपी टॉप टूर एंड ट्रैवल सहित विभिन्न टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इस अवसर पर आदर्श सेवा समिति के जिला समन्वयक आशीष कुमार सहित समिति के अन्य प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।

रिपोर्टर : धीरेन्द्र सोनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.