जन समस्याओं को लेकर बुंदेलखंड क्रांति दल ने मुख्य अभियंता विद्युत को ज्ञापन
झांसी : आज बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में आज मुख्य अभियंता (विद्युत), झाँसी क्षेत्र, झाँसी को ज्ञापन सौंपकर आम उपभोक्ताओं एवं किसानों से जुड़ी विद्युत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में प्रमुख रूप से 6 किलोवाट से 25 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शनों की स्वीकृति का मुद्दा उठाया गया। कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने मुख्य अभियंता को अवगत कराया कि विभागीय आदेश के अनुसार निर्धारित भार तक के कनेक्शन स्वीकृत करने का अधिकार सहायक अभियंता (वि.)/SDO को दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद कनेक्शन SDO की आईडी से स्वीकृत न होकर अधिशासी अभियंता की आईडी से स्वीकृत किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय आदेश का पालन न होने के कारण आम उपभोक्ताओं और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि 6 किलोवाट से 25 किलोवाट तक के सभी पात्र विद्युत कनेक्शन SDO स्तर से ही स्वीकृत किए जाएं तथा आदेश का पालन न करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
टीजी-2 तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में लगाने की मांग
ज्ञापन में टीजी-2 (टेक्निकल) कर्मचारियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि तकनीकी कर्मचारियों का मूल कार्य फील्ड से संबंधित है, लेकिन उन्हें फील्ड के बजाय कार्यालयों में लगाया गया है। इससे फील्ड में तकनीकी कर्मचारियों की कमी हो रही है और किसानों एवं उपभोक्ताओं की विद्युत समस्याओं के समाधान में परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि टीजी-2 (टेक्निकल) कर्मचारियों को उनके मूल दायित्व के अनुसार फील्ड में लगाया जाए तथा कार्यालयों में अनावश्यक रूप से लगाए गए कर्मचारियों को तत्काल फील्ड ड्यूटी में भेजा जाए। बुंदेलखंड क्रांति दल ने दोनों मामलों की तत्काल जांच कराकर विभागीय आदेशों का पालन सुनिश्चित करने तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर मो. नईम मंसूरी, आरिफ कमाल, कालीचरण श्रीवास, सुनील पुरोहित, जगदीश विश्वकर्मा, हरिशंकर शर्मा, भरत राजा, दीप्ति रजक, आयुष तिवारी, लक्ष्मीनारायण श्रीवास, देवी प्रसाद प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.