भाजपा जिलाध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं ने बूथों पर सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’
झांसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को झांसी महानगर के विभिन्न बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से श्रवण किया। शिवाजी नगर मंडल के तालपुरा शक्ति केंद्र स्थित बूथ संख्या 225 पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री जी का संबोधन सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 138वें संस्करण में सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूर्ण होने, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, जनगणना को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त युवा अभियान, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, पोषण अभियान और स्थानीय उत्पादों सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने पूर्व विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल जी की जन्मशती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा अभियान’ को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में किए जा रहे जनभागीदारी के प्रयासों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशभर के नागरिकों को समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती की वास्तविक नींव बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से तैयार होती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, बूथ समितियों को सक्रिय रखने, प्रत्येक बूथ पर कार्यकारिणी की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने तथा निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
सुधीर सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका से ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के राष्ट्र निर्माण के संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के पश्चात आयोजित बूथ स्तरीय बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी विचारों को सुनकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और सेवा भाव का संचार हुआ।

No Previous Comments found.