सड़कों की दुर्दशा पर जिलाधिकारी ने दिखाए कड़े तेवर, सुरक्षित आवागमन के लिए की समय सीमा तय
झांसी : जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में देर शाम जनपद में सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क एवं नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्योहारों से पूर्व सड़क को पूर्णत: गड्ढा मुक्त और सुगम आवागमन के लिए तैयार किए जाने हेतु समयसीमा तय करते हुए विलम्ब करने पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बैठक में सम्मिलित लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड, लोक निर्माण विभाग निर्माण खण्ड-3, नगर निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, मण्डी विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देशित किया कि वे अपने निर्धारित लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए सड़कों को शीघ्र 'गड्ढा मुक्त' किया जाना सुनिश्चित करें, उन्होंने कहा कि गड्ढा मुक्त सड़कों को (Pothole-free) करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सर्वप्रथम नगर क्षेत्र की सड़कों की समीक्षा करते हुए नगर निगम सीमा के अंतर्गत जल निगम द्वारा पाइप लाइन डाले जाने के दौरान 97 किमी सड़कों के लिए जीर्णोद्धार हेतु टीम का गठन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अगले 4-7 दिनों में स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। यदि जलनिगम समय पर कार्य नहीं करता है तो नगर निगम स्वयं सड़कों को गड्ढा मुक्त करते हुए कार्य निष्पादन का व्यय जल निगम से वसूलेगा, इस दौरान उन्होंने जल निगम को अगले 10 दिनों में 27 किमी सड़क को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया ताकि नगरवासियों के लिए त्योहारों के दृष्टिगत आवागमन सुलभ बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने गड्ढा मुक्त सड़कों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग - प्रांतीय खण्ड की कुल 210 किमी सड़क गड्ढा मुक्त लक्ष्य जिसमें स्टेट हाईवे (15 किमी), गोसरा-टीकमगढ़ मार्ग प्रमुख जिला मार्ग (MDR) (7 किमी) मौगर-उठा मार्ग अन्य जिला मार्ग (ODR) (91.27 किमी), इसमें मुख्य रूप से मोती-कटरा -लेहचुरा मार्ग एवं झाँसी- ग्वालियर मार्ग से परिक्षा -व्यापालन मार्ग सम्मिलित हैं। जिलाधिकारी ने समय सीमा तय करते हुए स्टेट हाईवे एवं MDR हेतु 10 अक्टूबर तथा अन्य जिला मार्गों (ODR) हेतु 20 अक्टूबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग निर्माण खण्ड-3 की 248 किमी सड़क के गड्ढामुक्त लक्ष्य के साथ सापेक्ष स्टेट हाईवे 3 किमी,प्रमुख जिला मार्ग 8 किमी,मोंठ-समथर मार्ग (16 किमी)गुरसराय-कोटरा मार्ग (15 किमी),बेदोरा मार्ग (16 किमी) की सड़क को गड्ढा मुक्त करने के लिए 20 अक्टूबर तक का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि किए जा रहे कार्य का औचक भौतिक सत्यापन भी स्वयं के द्वारा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
समीक्षा के दौरान डीएम ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की 175 किमी लंबी 25 सड़कों के अंतर्गत 37 किमी क्षेत्र में पैच मरम्मत का कार्य लंबित है। इसे प्रत्येक दशा में 15 अक्टूबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारी को ताकीद करते हुए कहा कि किए जा रहे कार्य की डे टू डे मॉनिटरिंग की जाएगी, इसलिए सभी विभाग संवेदनशील होकर कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैठक में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद को नगर निगम से प्राप्त 2 सड़कें (कुल 3.5 किमी) जिसमें NH- 27 से मेरी रोड (1.5 किमी) इसके अतिरिक्त लहर की देवी मार्ग (2 किमी) पर ब्लैकटॉप (Blacktop) कार्य शेष है, जिसे अगले 10 दिनों में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में उन्होंने मंडी विभाग की 80 सड़कों के लक्ष्य के सापेक्ष 23 सड़कों पर पैच मरम्मत नियोजित, जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो सड़कें अत्यधिक क्षतिग्रस्त या पुरानी हो चुकी हैं, उन्हें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने हेतु 3 दिनों के भीतर विधिवत प्रस्ताव तैयार करें। ताकि सड़कों की मरम्मत कर उन्हें आवागमन हेतु सुरक्षित किया जा सके।जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद में गड्ढा मुक्त सड़कों के दृष्टिगत किये जा रहे कार्य एवं सड़क नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग की दुर्दशा पर नाराजगी व्यक्त क करते हुए मेडिकल क्षेत्र में स्थित सड़क पर त्यौहारों के पूर्व सुगम यातायात हेतु तत्काल मेटलिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने गड्ढामुक्त सड़क के कार्य की डे-टू-डे मॉनिटरिंग करने के लिए सभी विभागों एक WhatsApp Group का तत्काल गठन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिशासी अभियंता और विभागाध्यक्ष कार्यों की 'Before' और 'After' फोटोग्राफ्स तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर ग्रुप पर साझा करे जिसे कार्य की प्रगति को देखा जा सके।जिलाधिकारी ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि किसी भी दशा में त्यौहारों से पूर्व कार्य पूर्ण होना चाहिए। विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने समय समय पर इस ग्रुप और भौतिक सत्यापन के माध्यम से कार्यों की निरंतर समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त ए सूदन, सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, सचिव जेडीए गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी रजनीश गुप्ता, अधिशासी अभियंता आरईडी रजनीश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सी डी-3 ए के सिंह, परियोजना प्रबंधक एनएचएआई मनोज सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अंकित साहू

No Previous Comments found.