70वीं जनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम बुंदेलखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिले बेहतर मंच: डॉ संदीप सरावगी
झाँसी : सरस्वती इंटर कॉलेज के मैदान में 70वीं जनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता की संयोजक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा, विद्यालय प्रबंधक दिनेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रमेश मोदी तथा प्रधानाचार्य नरेंद्र पस्तोर सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया और प्रतियोगिता की शुरुआत की। उद्घाटन मुकाबला अंडर-17 बालक वर्ग में सीजू ओमर इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज के बीच खेला गया। मुकाबले में सीजू ओमर इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16-06 के अंतर से जीत दर्ज की।
इस अवसर पर डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन अजय वर्मा ने किया, जबकि प्रधानाचार्य नरेंद्र पस्तोर ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्रीड़ा अध्यक्ष अनुराग द्विवेदी, अनुराग बुधौलिया, विजय प्रताप, त्रिभुवन सिंह, राम रतन, राजा अहिरवार, राजीव, चंदन यादव, प्रदीप चौहान, संध्या शुक्ला, आनंद सरवरिया सहित बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे। सचिव अजय रजक, मंडलीय सचिव अजय सिंह एवं इंद्रेश कुमार पाठक भी उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.