सब्जी मंडी अग्निकांड पीड़ितों के साथ खड़ा BKD, प्रत्येक दुकानदार को देगा ₹2 हजार की राहत राशि
झांसी : आज सीपरी बाजार स्थित सब्जी मंडी में बुधवार की प्रातः लगभग 4:45 बजे अज्ञात लोगों द्वारा दुकानों पर तेल छिड़ककर आग लगाए जाने से दर्जनों दुकानदारों की दुकानें एवं सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने फोन के माध्यम से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर आग लगाने वाले एवं आग लगवाने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित दुकानदारों को प्रशासन की ओर से राहत राशि दिए जाने की मांग की। कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि आगजनी से प्रभावित दुकानदारों की सहायता के लिए बुंदेलखंड क्रांति दल प्रत्येक प्रभावित दुकानदार को ₹2,000 की राहत राशि देगा। उन्होंने कहा कि दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है, इसलिए प्रशासन को भी नुकसान का आकलन कर तत्काल सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। इस अवसर पर बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय महासचिव मो. नईम मंसूरी, खेमचंद कुशवाहा, शमशुद्दीन राइन, जावेद राइन, जाकिर खान, अख्तर राइन सहित बड़ी संख्या में प्रभावित दुकानदार उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.