जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसान,आवास विकास योजना-4 के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन
झांसी - आवास विकास योजना-4 के तहत कोछाभांवर, टांकोरी, मुस्तरा और पिछोर के किसानों की जमीन लिए जाने के विरोध में भूमि बचाओ संघर्ष समिति ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि वे अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं, क्योंकि यही उनकी रोजी-रोटी का प्रमुख साधन है। समिति के अनुसार, करीब 500 किसानों की जमीन से 14 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हो सकते हैं। किसानों का आरोप है कि वे कई बार ज्ञापन देने और आंदोलन करने के बावजूद अब तक समाधान नहीं निकलने से परेशान हैं। उनका कहना है कि अधिकारी बार-बार जमीन बेचने की बात कह रहे हैं, जबकि किसान अपनी जमीन किसी भी कीमत पर देने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों के किसान शामिल हुए। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और जमीन बचाने के लिए उचित समाधान निकाला जाए।

No Previous Comments found.