राज्य स्तरीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप के लिए झाँसी की टीम का चयन ट्रायल 26 अक्टूबर को
झाँसी : खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (KKFI) से संबद्ध खो-खो स्पोर्ट्स प्रमोशन वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में प्रथम जूनियर राज्य स्तरीय खो-खो चैंपियनशिप 2026–27 (बालक एवं बालिका वर्ग) का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की जानकारी उत्तर प्रदेश के महासचिव भूपेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक डॉ. राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय, अलीपुर, जनपद हरदोई में आयोजित होगी।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद झाँसी का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के चयन के लिए 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, झाँसी में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला खो-खो संघ, झाँसी के सचिव नृपेंद्र सिंह परिहार ने दी। उन्होंने बताया कि ट्रायल में अंडर-18 बालक एवं बालिका वर्ग के इच्छुक और पात्र खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन एवं निर्धारित पात्रता के आधार पर झाँसी की टीम का चयन किया जाएगा।
नृपेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड की मूल प्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा जन्म प्रमाणपत्र अथवा जन्मतिथि का वैध प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य है। सभी खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर खेल किट में उपस्थित होना होगा, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।
ट्रायल एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला सचिव नृपेंद्र सिंह परिहार से मोबाइल नंबर 7317623156 पर संपर्क किया जा सकता है।

No Previous Comments found.