झांसी मंडल में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

झांसी :  सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में आज मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज से आए सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा कार्य निष्पादन में नियमों के पालन, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी  राजेश कुमार शर्मा ने मुख्यालय से आए सतर्कता अधिकारियों का परिचय कराया। साथ ही, उन्होंने झांसी मंडल में सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विगत तीन माह में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

इसके पश्चात मुख्य सतर्कता अधिकारी (भंडार)  विपुल कनौजिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने, निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जवाबदेही के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए सतर्कता और नैतिक मूल्यों को अपनाने के महत्व को भी रेखांकित किया।

संगोष्ठी के दौरान उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजीनियरिंग)  गुंजन श्रीवास्तव, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (विद्युत)  कृष्णकांत, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (यांत्रिक)  ऋषि राज तथा उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (परिचालन)  जे. संजय कुमार ने अपने-अपने विभागों से संबंधित विभिन्न केस स्टडी प्रस्तुत कीं। इन केस स्टडी के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता संबंधी नियमों, प्रक्रियाओं तथा दैनिक कार्य निष्पादन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही, नियमसम्मत निर्णय लेने और संभावित अनियमितताओं से बचने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक  अनिरुद्ध कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली में सुशासन सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पूर्ण अनुपालन तथा कार्यों में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों को भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना के साथ कार्य करने तथा अपने आचरण एवं कार्यशैली में उच्च नैतिक मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा)  प्रेम प्रकाश शर्मा सहित झांसी मंडल के सभी शाखा अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज क्विज एवं ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आशुभाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। क्विज प्रतियोगिता में  राजकमल गुप्ता प्रथम,  अजय कुमार राय द्वितीय तथा  अजय प्रकाश तृतीय स्थान पर रहे। आशुभाषण प्रतियोगिता में  अरुण कुमार सचान प्रथम,  राजकमल गुप्ता द्वितीय तथा  अजय प्रकाश तृतीय स्थान पर रहे। राजभाषा अधिकारी  राजेश कुमार की उपस्थिति में आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कर्मचारियों में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.