भयमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए वल्नरेबिलिटी मैपिंग में पूरी सतर्कता बरते,जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट- जिला निर्वाचन अधिकारी

झांसी : जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने आज कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में जनपद के जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।  जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने उपस्थित जनपद की समस्त विधानसभाओं के जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को संबोधित करते हुए कहा कि भयमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए वल्नरेबिलिटी मैपिंग कि महती भूमिका है,अतः सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर संवेदनशील एवं वल्नरेबल क्षेत्रों का गहनता से चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि जनपद के प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में भ्रमण के दौरान मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए निश्चित प्रारूप में स्पष्ट और तथ्य परक सूचनाएँ समनबद्ध उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने प्रत्येक बूथ पर ए0एम0एफ0 की समीक्षा करते हुए समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की सूचना निश्चित प्रारूप पर देना सुनिश्चित करें। यदि सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं में यदि कोई कमी है तो उन्हें समय से पूरा कर लिया जाए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र एवं स्थलों पर मतदाताओं एवं मतदान कार्मिंकों को निर्वाचन के समय गर्मी व लू से बचाने के लिए आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाने। मतदान केन्द्रों पर जहां तक मतदाताओं की कतार होगी, वहां तक छाया की व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के प्रबंध पूर्व से कर लिए जाएं। मतदाताओं के लिए मतदेय स्थलों पर छाया हेतु अलग से टेंट की व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में गर्मी के दृष्टिगत निर्देश देते हुए कहा कि मतदेय स्थलों पर मेडिकल किट (ओ0आर0एस0 पैकेट सहित) का प्रबन्ध किया जाय। इसके साथ ही सहयोग के लिए बूथों पर एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पैरामेडिकल कर्मी की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपद में उपलब्ध आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को अलग-अलग उपयुक्त स्थानों पर रखे जाने के निर्देश दिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से मतदान केन्द्रों व मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर भेजा जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान के दिन मतदाताओं को मतदान करने के लिए इधर-उधर भटकना न पडे़ इसके लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मतदेय स्थल की जानकारी के लिए साइनेज लगाया जाना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर शीतल पेयजल और शौचालय की व्यवस्था तथा इसके साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांगजनों के बैठने हेतु कुर्सियां, स्कूल बेंच की व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने हेतु निर्देशित किया इसके अतिरिक्त वृद्ध एवं दिव्यांगजनों के सहयोग के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था व वालंटियर्स तैनात किये जाने के भी निर्देश दिए।  इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह, सीओ पुलिस रामवीर सिंह, प्रभारी एडीओ आर के पाल सहित समस्त एसडीएम एवम जोना सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.