26 नवंबर संविधान दिवस पर कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा यात्रा
झांसी- आज शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय मानिक चौक में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 26 नवंबर को संविधान रक्षा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करना है। कांग्रेस ने इस अभियान को ‘एक वोट की बुनियाद पर खड़े भारत के प्रजातंत्र और संविधान को बचाने का संकल्प’ नाम दिया है।
यात्रा 26 नवंबर को लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन से महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शुरू की जाएगी तथा एनसीसी भवन स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर इसका समापन होगा। यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप आयोजित की जाएगी।इस दौरान सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों, युवाओं तथा संविधान में आस्था रखने वाले सभी लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। प्रतिभागियों को संविधान की रक्षा एवं मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकार करने से पहले बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान सभा में अपने विचार रखते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती पर जोर दिया था। संविधान सभा में चुनाव आयोग की भूमिका और स्वतंत्र चुनाव व्यवस्था के महत्व का भी उल्लेख किया गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के माध्यम से मतदाताओं के मताधिकार पर खतरा उत्पन्न हो रहा है। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव तथा विभिन्न राज्यों में सरकारों के गठन और गिरने के उदाहरणों का हवाला देते हुए लोकतंत्र की मजबूती पर सवाल उठाए गए है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मताधिकार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई तेज करने का संकल्प दोहराया है। इस संबंध में जारी दस्तावेज में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव तथा आम नागरिकों के मतदान के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।दस्तावेज में उल्लेख किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने दस महीनों में 14 बार असहमति दर्ज कराई। साथ ही ECINet के माध्यम से मतदाता सूचियों पर बढ़ते केंद्रीय नियंत्रण पर भी चिंता जताई गई है। इसमें फॉर्म-6 में बदलाव और फॉर्म-6 से SIR से संबंधित हिस्सा हटाए जाने का भी उल्लेख किया गया है ।दस्तावेज के अनुसार, कानून बनाने का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 327 के तहत संसद का है, चुनाव आयोग का नहीं। आधार को पहचान दस्तावेज मानने के मामले में सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 1984 के निर्णय का उल्लेख करते हुए चुनाव संबंधी कानूनों में संसद की भूमिका पर जोर दिया गया है।
पत्रकार वार्ता में दौरान अरविंद बबलू, राजकुमार सेन, अशोक कंसौरिया, पार्वती चौधरी, जीतू राजा श्रीवास, शैलेन्द्र कुमार शीलू व पवनराज नगरा आदि मौजूद रहें।

No Previous Comments found.