बहुप्रतीक्षित लावालौंग-पांकी सड़क का हुआ कार्य शुरू ,ग्रामीणों में खुशी का माहौल सालों की परेशानी से मिलेगी निजात,आवागमन होगा सुगम

लावालौंग :  प्रखंड में लंबे समय से सड़क की बदहाली और आवागमन की समस्या झेल रहे लावालौंग-पांकी क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। बहुप्रतीक्षित लावालौंग-पांकी मुख्य सड़क का निर्माण कार्य मंगलवार को शुरू हो गया है। निर्माण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।सड़क की जर्जर स्थिति के कारण अब तक ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।बरसात के दिनों में कीचड़ और जलजमाव के कारण रास्ता और भी मुश्किल हो जाता था।वहीं, जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी कठिनाइयां होती थीं।खराब सड़क के कारण लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च होते थे।

अब सड़क निर्माण पूरा होने के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।लावालौंग से पांकी तक आवागमन आसान होगा। व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी।इसके अलावा शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक ग्रामीणों की पहुंच भी बेहतर होगी।क्षेत्र का संपर्क आसपास के प्रमुख बाजारों और अन्य इलाकों से मजबूत होगा।ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई राह खोलेगा।लंबे इंतजार के बाद निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में उम्मीद जगी है।अब ग्रामीणों को सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय पर पूरा होने की प्रतीक्षा है।ग्रामीणों ने कहा कि सांसद कालीचरण सिंह,विधायक कुमार उज्जवल दास, चतरा उपायुक्त एवं लमटा पंचायत के मुखिया अमित कुमार चौबे के अथक प्रयास का देन है कि सड़क निर्माण में कदम बढ़ा है। इसके अलावा मुखिया राजेश कुमार साव,नेमन भारती, मुखिया पति जगदीश यादव एवं भोला राम ने भी प्रयासों में अहम भूमिका निभाई थी।

रिपोर्टर : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.