सत्ता से बाहर होते ही जागता है कांग्रेस का संविधान प्रेम”: कृषि विश्वविद्यालय में गरजे सांसद अनुराग शर्मा
झाँसी : रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी में ‘संविधान गौरव दिवस’ अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, माँ सरस्वती एवं वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झाँसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किए जाने के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, समानता, स्वतंत्रता, न्याय, बंधुत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की सामूहिक चेतना का आधार है, जो आपातकाल जैसी कठिन चुनौतियों में भी लोकतंत्र की ढाल बनकर खड़ा रहा। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अविस्मरणीय योगदान के साथ-साथ संविधान सभा में झाँसी के प्रतिनिधि रहे पंडित रघुनाथ विनायक धुलेकर एवं पंडित कृष्णचन्द्र शर्मा की भूमिका को भी रेखांकित किया।
बाबा साहेब के सम्मान और विरासत का उल्लेख करते हुए सांसद ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ‘संविधान प्रेम’ केवल सत्ता से बाहर होने पर ही जागता है, जबकि सत्ता में रहते हुए उसने संविधान और बाबा साहेब का अपमान किया। उन्होंने तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि 1952 में बाबा साहेब को चुनाव में हराने वाले कांग्रेस प्रत्याशी को 1970 में कांग्रेस सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया, जबकि बाबा साहेब को ‘भारत रत्न’ तब मिला जब केंद्र में भाजपा की सरकार थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बाबा साहेब को केवल शब्दों से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों से सच्चा सम्मान दिया है—जिसमें बाबा साहेब से जुड़े पांच ऐतिहासिक स्थलों का ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकास, डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर का उद्घाटन, उनकी विरासत का डिजिटल संरक्षण, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम को सशक्त बनाना तथा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान करना प्रमुख हैं।
इस दौरान सांसद ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया और उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर देश के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने होनहार विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अधिकारों के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करें, जातिवाद की भावना से ऊपर उठकर राष्ट्र एवं समाज के लिए कार्य करें और कृषि के क्षेत्र में नए अनुसंधान के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
अध्यक्षीय संबोधन में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान देश की विविधता को एक सूत्र में बाँधने वाला सर्वोच्च मार्गदर्शक दस्तावेज है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करते हुए विद्यार्थियों से इसके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र की उन्नति में सहभागी बनने का आह्वान किया। इससे पूर्व, निदेशक शिक्षा डॉ. अनिल कुमार ने स्वागत संबोधन में संविधान को लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया।विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सत्य एवं प्रभव द्वारा प्रस्तुत ‘संविधान : एक संवाद’ रहा।
इस प्रभावशाली प्रस्तुति में उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 19 एवं 21 के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और जीवन के अधिकार को रेखांकित करते हुए कृषि, खाद्य सुरक्षा, किसान सम्मान तथा ग्रामीण विकास को सामाजिक एवं आर्थिक न्याय से जोड़ा। प्रस्तुति का समापन ‘जय संविधान, जय भारत’ के उद्घोष के साथ हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी, विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, शिक्षक, विद्यार्थी तथा शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अंकित साहू

No Previous Comments found.