इलाइट चौराहे पर 180 मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं तुरही पर चलवाया गया रोड रोलर

झांसी - यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के क्रम में एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी के कुशल निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के निकट पर्यवेक्षण में जनपद में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 29.11.2026 को क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात देवेन्द्र कुमार शर्मा की उपस्थिति में शहर के इलाइट चौराहे पर अवैध वाहन उपकरणों के सार्वजनिक विनष्टीकरण की कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान विभिन्न वाहनों से उतरवाए गए कुल 180 मोडिफाइड (पटाखा) साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं तुरही को सड़क पर रखवाकर उन पर रोड रोलर चलवाया गया, जिससे उन्हें पूर्णतः नष्ट कर दिया गया।

इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य महानगर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा बुजुर्गों, मरीजों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को पटाखा साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न से उत्पन्न कर्कश ध्वनि से राहत दिलाना है। यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफिकेशन करने एवं सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों के विरुद्ध निरंतर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

अपील : समस्त जनपदवासियों से अपील है कि अपने वाहनों में केवल कंपनी द्वारा निर्धारित मानक के साइलेंसर एवं हॉर्न का ही प्रयोग करें तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.