उपभोक्ताओं को घटिया/ अधोमानक खाद्य सामग्री बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा -एडीएम
झांसी : खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई कार्यवाही में रेलवे पेन्ट्रीकार में घटिया गुणवत्ता की चाय पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कुल ₹6,10,000 (छह लाख दस हजार रुपये) का अर्थदंड आरोपित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 जून 2023 को रेलवे खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई–कानपुर खंड के मध्य संचालित ट्रेन संख्या 12522 के पेन्ट्रीकार संख्या 193436 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पेन्ट्रीकार में उपलब्ध बाघ बकरी ब्रांड चाय के टी-बैग पाउच का नमूना नियमानुसार संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।
खाद्य प्रयोगशाला में खाद्य विश्लेषक द्वारा किए गए परीक्षण में उक्त चाय का नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तथा उसे Substandard (अधोमानक) घोषित किया गया। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर सक्षम प्राधिकारी/ अपर जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती पल्लवी मिश्रा द्वारा संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए
निम्नलिखित अर्थदंड आरोपित किए गए—
1.कन्हैया सिंह, पुत्र कांत सिंह, पेन्ट्रीकार मैनेजर, निवासी ग्राम एवं पोस्ट रेहुआ, थाना एवं जनपद लखीसराय, बिहार पर ₹10,000 (दस हजार रुपये) का अर्थदंड आरोपित किया गया।
2.मेसर्स स्पीड कैटर्स प्रा. लि., ठेकेदार/लाइसेंसी, पता–जी-235, इन्द्रपुरी कॉलोनी, कृष्णा नगर, लखनऊ पर ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) का अर्थदंड आरोपित किया गया।
3.मेसर्स गुजरात टी प्रोसेसर्स एण्ड पैकर्स लि., सामग्री निर्माता, पता–बाघ बकरी हाउस, परिमल गार्डन के पीछे, अम्बावाड़ी, अहमदाबाद, गुजरात पर ₹4,00,000 (चार लाख रुपये) का अर्थदंड आरोपित किया गया।
इस प्रकार, खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में पेन्ट्रीकार मैनेजर, खाद्य सामग्री के ठेकेदार/लाइसेंसी तथा निर्माता के विरुद्ध कुल ₹6,10,000 (छह लाख दस हजार रुपये) का अर्थदंड आरोपित किया गया। अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों/ आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वाले संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्टर - अंकित साहू

No Previous Comments found.