पठाकरका में खूनी संघर्ष: एक ही परिवार के दो पक्षों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला, 7 गंभीर घायल

बंगरा (झाँसी): विकासखण्ड बंगरा के ग्राम पंचायत पठाकरका में मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। घंटों चले इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 6 को हालत गंभीर होने पर झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
 
घटना की शुरुआत मंगलवार सुबह हुई जब पारिवारिक विवाद ने उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। मकान की दीवार निर्माण को लेकर विवाद को इस झगड़े की मुख्य वजह बताया जा रहा है। बताया गया कि एक पक्ष की ओर से बाहरी युवकों को बुलाया गया, जिससे मामला और भी बिगड़ गया।
 
दिव्यांग महिला ममता देवी, जो कि झगड़े को शांत कराने पहुँची थीं, उन्हें भी नहीं बख्शा गया और उनके ऊपर भी हमला कर दिया गया। ममता देवी को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में सचिन, रमन, नवीन, विवेक, सुरेश, शीतल और विजयलक्ष्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
 
दूसरे पक्ष से भी विजयलक्ष्मी पत्नी शीतल प्रसाद, सचिन और नवीन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि मकान निर्माण को लेकर पहले उन पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें भी गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों में से अधिकांश के सिर फटे हुए हैं और कुछ के हाथ-पैर टूटने की भी जानकारी मिली है।
 
घायल व्यक्तियों की सूची:
 
ममता देवी (उम्र 45 वर्ष)
 
शीतल प्रसाद (उम्र 55 वर्ष)
 
विजयलक्ष्मी (उम्र 50 वर्ष)
 
सचिन (उम्र 28 वर्ष)
 
विवेक (उम्र 23 वर्ष)
 
लक्ष्मी देवी (उम्र 55 वर्ष)
 
सुरेश कुमार (उम्र 60 वर्ष)
 
 
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बंगरा पुलिस चौकी प्रभारी साजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और एक बाहरी युवक को ग्रामीणों की मदद से पकड़कर थाने लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह युवक हमले में शामिल था, हालांकि पुलिस का कहना है कि वह गाँव में भूसा भरने आया था। मामला अभी जांच के अधीन है।
 
पीआरबी 112 और स्थानीय पुलिस की तत्परता से स्थिति पर काबू पाया गया, लेकिन गाँव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायती पत्रों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
 
धीरेंद्र सोनी संवाददाता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.