डिंगवाही स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज निर्माण में आई तेजी, सफलतापूर्वक हुई गार्डर लॉन्चिंग*

झांसी।  रेल मंडल द्वारा यात्री सुविधा और संरक्षा की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ग्वालियर जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों के साथ ही ऐसे स्टेशनों पर भी विकास कार्य किया जा रहा है जहां यात्रियों का आवागमन कम होता है। इसी क्रम में मंडल के डिंगवाही स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य शुरु हो गया है। फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए गार्डर की सफल लॉन्चिंग कर दी गई है। निर्माण से संबंधित अन्य कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
 
इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में कुशल कारीगरों द्वारा गार्डर की सफलतापूर्वक लॉन्चिंग की गई. गौरतलब है कि, मंडल के झांसी- मानिकपुर खंड में रेलवे ट्रैक की दोहरीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके बाद अधिकतर स्टेशनों पर प्लेटफार्म की संख्या बढ़ गई है। इसको ध्यान में रखते हुए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
 
मंडल द्वारा अन्य छोटे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं को विकसित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। निवाड़ी स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। दिव्यांगजनों को ध्यान में रखते हुए रागौल और बहिलपुरवा स्टेशन पर दिव्यांगजन सुविधाओं को स्थापित कर दिया गया है। स्टेशन पर दिव्यांगजनों के लिए अलग शौचालय, पीने के पानी की व्यवस्था, व्हीलचेयर आदि सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। इसके साथ ही बरुआसागर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 की ऊंचा किया गया है। इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में सुविधा होगी। यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
 
मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि मंडल के छोटे स्टेशनों पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। निवाड़ी में कार्य पूरा हो गया है। डिंगवाही स्टेशन पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। कम आवागमन वाले स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। दिव्यांगजन की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्माण किए जा रहे हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.